LagatarDesk : चीन के ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (HMPV) वायरस भारत में पैर पसार रहा है. कर्नाटक, गुजरात, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के बाद अब महाराष्ट्र में भी इस वायरस से संक्रमित दो मरीज मिले हैं. नागपुर में एक 13 साल की लड़की और एक 7 साल के लड़के में वायरस लक्षण मिले हैं. इसके बाद भारत में मरीजों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है. इससे पहले कर्नाटक में दो, गुजरात में एक, पश्चिम बंगाल में एक और तमिलनाडु में दो मामले सामने आये थे.
दोनों मरीज को सर्दी-खांसी और बुखार था
जानकारी के अनुसार, नागपुर में संदिग्ध पाये गये दोनों मरीज को सर्दी-खांसी और बुखार था. इसके बाद परिवार वालों ने जांच करवाई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आयी. महाराष्ट्र में एचएमपीवी के मरीज मिलने के बाद मुबंई महानगरपालिका अलर्ट मोड पर आ गयी है. जेजे और सेंट जार्ज अस्पताल को मुख्य अस्पताल बनाया गया है, जहां इस वायरस के संदिग्ध मरीजों का इलाज किया जायेगा साथ ही नागरिकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिये हैं. HMPV के लक्षण :
HMPV से जुड़े सामान्य लक्षणों में खांसी, बुखार, नाक बंद होना, फेफड़ों में संक्रमण, गले में घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं. संक्रमित व्यक्ति द्वारा खांसने और छींकने से निकले स्रावों तथा उससे निकट व्यक्तिगत संपर्क जैसे छूने या हाथ मिलाने से फैलने का खतरा है. संक्रमण से किस तरह हो सकता है बचाव :
मरीज साबुन से बार-बार हाथ धोकर इस बीमारी के फैलाव को रोकने में मदद कर सकते हैं. गंदे हाथों से अपनी आंख, नाक या मुंह को छूने से बचना चाहिए. तथा बीमार लोगों के साथ निकट संपर्क से भी बचें. HMPV वायरस क्या है?
जानकारी के अनुसार, HMPV वायरस पिछले कई दशकों से मौजूद है. यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, इस वायरस की पहली पहचान 2001 में नीदरलैंड्स में हुई थी, जब सांस की बीमारी वाले बच्चों के सैंपल में इसकी पुष्टि हुई. HMPV पैरामाइक्सोविरीडे परिवार से संबंधित है और यह सभी मौसमों में हवा में मौजूद रह सकता है. यह वायरस संक्रमित व्यक्तियों के खांसने और छींकने से फैलता है. इसके सर्दियों में अधिक फैलने का खतरा होता है. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि HMPV वायरस वास्तव में 1958 से व्यापक रूप से फैला हुआ है चीन में तेजी से फैल रहा वायरस
बता दें कि चीन में HMPV वायरस बहुत तेजी से फैल रहा है. इसके प्रकोप को देखते हुए चीन के कई राज्यों में इमरजेंसी घोषित कर दी गयी है. हजारों लोग इस वायरस की चपेट में हैं. बुजुर्गों और बच्चों में यह वायरस तेजी से फैल रहा है. अस्पतालों के बाहर मरीजों की लाइन लगी हुई हैं. चाइल्ड वॉर्ड में सबसे ज्यादा मरीज हैं.
Leave a Comment