Jamtara News : पश्चिम बंगाल के अंडाल के पास हुए सड़क हादसे में प्रख्यात बांग्ला कीर्तन गायक ब्रज किशोर सिंह और उनके सहयोगी हनुमान पंडित की मौत हो गई. दोनों गायक संदेशखाली में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद कार से लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार की एक बस से टक्कर हो गई. हादसे में दोनों की जान चली गई. घटना की खबर मिलते ही जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के खूंटाबांध और लाइबनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी केअनुसार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के खूंटाबांध गांव निवासी ब्रज किशोर सिंह बांग्ला कीर्तन गायन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते थे. संदेशखाली में कार्यक्रम करने के बाद वह अपने सहयोगी हनुमान पंडित के साथ कार से लौट रहे थे. पश्चिम बंगाल के अंडाल के पास उनकी कार बस से टकरा गई. दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि ब्रज किशोर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में सवार लाइबनी गांव निवासी हनुमान पंडित ने भी दम तोड़ दिया.
कीर्तन जगत में शोक की लहर
ब्रज किशोर सिंह के निधन की खबर से बांग्ला कीर्तन जगत में शोक व्याप्त है. अपनी मधुर आवाज और भक्ति संगीत के माध्यम से उन्होंने लोगों के बीच खास पहचान बनाई थी. उनके कीर्तन कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्र में उनकी अलग लोकप्रियता थी. उनके असामयिक निधन को संगीत और भक्ति जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है. वहीं, उनके सहयोगी हनुमान पंडित की मौत से भी लोग मर्माहत हैं.
पीछे छूट गए बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चे
ब्रज किशोर सिंह के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जाता है कि वह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार के सामने अब भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी हो गई है. वहीं, हनुमान पंडित की मौत से लाइबनी गांव में मातम पसरा हुआ है. दोनों परिवारों के लिए यह अपूरणीय क्षति है.
गांव में शोक, लोगों ने जताया दुख
दोनों के असामयिक निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.