Search

 
 
 

पलामू के जीवन ज्योति नर्सिंग होम में दो महिलाओं की मौत, डॉक्टर और कर्मचारी गायब

Palamu News: जानकारी के अनुसार, गढ़वा क्षेत्र की रहने वाली पूजा कुमारी को शुक्रवार को जीवन ज्योति नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. प्रसव के बाद उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया. बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं पाटन थाना क्षेत्र के सखोई गांव की रहने वाली सुमन कुमारी को शनिवार सुबह प्रसव के लिए नर्सिंग होम लाया गया था.
 
सिंबोलिक फोटो

Palamu News: पलामू जिला के मेदिनीनगर स्थित पांकी रोड के जीवन ज्योति नर्सिंग होम में इलाज के दौरान दो महिलाओं और एक नवजात की मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद डॉक्टर और अधिकतर कर्मचारी आनन-फानन में अस्पताल से निकल गए. घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया.

 

जानकारी के अनुसार, गढ़वा क्षेत्र की रहने वाली पूजा कुमारी को शुक्रवार को जीवन ज्योति नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. प्रसव के बाद उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया. बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई.

 

वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के सखोई गांव की रहने वाली सुमन कुमारी को शनिवार सुबह प्रसव के लिए नर्सिंग होम लाया गया था. उन्होंने दो बच्चियों को जन्म दिया. बताया गया कि जन्म के बाद दोनों बच्चियां स्वस्थ थीं. हालांकि, सुमन कुमारी की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल कर्मियों ने उन्हें नारायण अस्पताल रेफर कर दिया. वहां दोपहर करीब दो बजे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.

 

सिविल सर्जन अनिल श्रीवास्तव के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सक सीमा ने नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल में डॉक्टर और अधिकांश कर्मचारी मौजूद नहीं मिले. जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्चों की देखभाल के लिए वहां केवल एक एएनएम मौजूद थी.

 

निरीक्षण के दौरान चिकित्सक सीमा ने अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.

 

एक ही नर्सिंग होम से जुड़े मामले में दो महिलाओं की मौत के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है. अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है. हालांकि, दोनों महिलाओं की मौत के वास्तविक कारणों और चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही