New Delhi: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने विभिन्न विभागों में संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. कुल छह पदों पर भर्ती निकाली गयी है. नियुक्तियां नई दिल्ली स्थित यूजीसी कार्यालयों के लिए की जाएंगी. योग्य भारतीय नागरिक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
भर्ती के तहत डोमेन प्रोफेशनल, सीनियर हिंदी अनुवादक, जूनियर हिंदी अनुवादक और सिस्टम ऑफिसर (नेटवर्किंग) के पद शामिल हैं. चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 30 हजार से 70 हजार रुपये तक प्रतिमाह समेकित वेतन दिया जाएगा.
किन पदों पर होगी भर्ती
* डोमेन प्रोफेशनल के 3 पदों पर नियुक्ति होगी. वेतन 60 हजार से 70 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित है. अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष है.
* सीनियर हिंदी अनुवादक का 1 पद है. इसके लिए 50 हजार से 70 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा. अधिकतम आयु सीमा 58 वर्ष है.
* जूनियर हिंदी अनुवादक के 1 पद पर भर्ती होगी. वेतन 30 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित है. अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष है.
* सिस्टम ऑफिसर (नेटवर्किंग) के 1 पद पर नियुक्ति होगी. इसके लिए 35 हजार से 45 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा. अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है.
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
डोमेन प्रोफेशनल पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री और पीएचडी अनिवार्य है. इसके अलावा संबंधित क्षेत्र, शिक्षा, नीति, योजना या प्रशासन में कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए.
सीनियर हिंदी अनुवादक पद के लिए हिंदी में स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है. स्नातक स्तर पर तीनों वर्षों में हिंदी और अंग्रेजी विषय होना चाहिए. अनुवाद में डिप्लोमा या सर्टिफिकेट के साथ सरकारी विभाग या स्वायत्त संस्थान में पांच वर्ष का अनुवाद कार्य अनुभव भी जरूरी है.
जूनियर हिंदी अनुवादक पद के लिए भी हिंदी में स्नातकोत्तर डिग्री और अनुवाद में डिप्लोमा या सर्टिफिकेट मांगा गया है. अभ्यर्थियों के पास तीन वर्ष का अनुवाद कार्य अनुभव होना चाहिए. हिंदी यूनिकोड टाइपिंग और एमएस वर्ड एवं एक्सेल का ज्ञान भी जरूरी है.
सिस्टम ऑफिसर (नेटवर्किंग) पद के लिए कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग या आईटी में बीई, बीटेक, एमएससी अथवा एमसीए की डिग्री होनी चाहिए. नेटवर्किंग, LAN, WAN, फायरवॉल, सुरक्षा और सिस्टम रखरखाव के क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव आवश्यक है.
साक्षात्कार से होगा चयन
इन पदों पर नियुक्ति चयन समिति की सिफारिश के आधार पर साक्षात्कार के माध्यम से की जाएगी. हिंदी अनुवादक के दोनों पदों के लिए साक्षात्कार से पहले हिंदी यूनिकोड में 30 शब्द प्रति मिनट की गति से टाइपिंग टेस्ट पास करना होगा. साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा.
नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक वर्ष के लिए संविदा आधार पर होगी. कार्य प्रदर्शन और आचरण संतोषजनक रहने पर अनुबंध को अधिकतम एक वर्ष के लिए और बढ़ाया जा सकता है.
21 दिनों के भीतर करना होगा आवेदन
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.ugc.gov.in/Tenders/jobs या www.ugc.ac.in/Tenders/jobs पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि विज्ञापन जारी होने की तारीख से 21 दिन निर्धारित की गई है. 31 दिसंबर से 20 नोवेम्बर अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की विस्तृत पात्रता और शर्तों को अधिसूचना में अच्छी तरह पढ़ लें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.