Ramgarh News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में लोगों का तांता लगा रहा. केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, मेयर, पार्षद, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, वरिष्ठ अधिकारी और आमलोग नेमरा पहुंचे. सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन व्यक्त किए. इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं.
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक संजय सिंह यादव, आलोक सोरेन और अमित कुमार यादव शामिल थे. रांची की मेयर रोशनी खलखो ने भी नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी.
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू और मिथिलेश ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया. पूर्व विधायक विनोद सिंह, लक्ष्मी टुडू, अकील अख्तर, निजामुद्दीन अंसारी, नारायण दास और ताला मरांडी समेत बिहार के पूर्व विधायक ललन कुमार भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे.

नेमरा में भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और झारखंड लोक सेवा के अधिकारियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक और टाटा समूह के अधिकारियों ने भी दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित किए. खिलाड़ियों, रांची नगर निगम के पार्षदों और बड़ी संख्या में आमलोगों ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
इस दौरान श्री गुरु सिंह सभा और झारखंड बुद्ध सोसाइटी के सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. उन्होंने रूपी सोरेन के निधन पर शोक जताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना की.
मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में दिनभर शोक और संवेदना का माहौल बना रहा. विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.