Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में 20 वर्षीय कैदी के साथ हुए कथित सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में काफी हीलाहवाली के बाद 19 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी तो दर्ज की गयी, लेकिन प्राथमिकी में धाराओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं. दरअसल एफआईआर में जिन धाराओं का शामिल किया गया है, उनमें एक महीने से दो साल की सजा और 10 हजार रुपये तक के जुर्माना का प्रावधान है. जबकि कानून के जानकार बता रहे हैं कि इस केस में पुलिस ने अपराध की गंभीर प्रकृति से जुड़ी धाराओं को शामिल किया जाना चाहिए था. इसे केस को हल्का करने के तौर पर देखा जा सकता है.
अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में IPC की धारा 377 का विकल्प नहीं होने के कारण का आरोपियों के खिलाफ यौनाचार के मामले में आरोपित नहीं किया जा सका है. दरअसल भारतीय दंड संहिता 377 के तहत यौनाचार के मामलों में आजीवन कारावास या दस वर्ष की सजा का प्रावधान था. लेकिन भारतीय न्याय संहिता (BNS) में धारा 377 का उसी स्वरूप में कोई सीधा और समकक्ष प्रावधान नहीं रखा गया है. लिहाजा कानूनी तौर पर यह मामला बहस के केंद्र में आ गया है.
14 कैदी, काराधीक्षक, मेडिकल अफसर समेत 19 आरोपी
इस केस में वार्ड संख्या 14 और 15 में बंद 14 कैदियों के अलावा वार्ड इंचार्ज, जेल अधीक्षक, मेडिकल अफसर समेत 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है. 20 साल की पीड़ित युवक रांची का रहने वाला है. एक केस में उसे न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा जेल भेजा गया था. इस केस में अब वह बरी हो चुका है. और वह गहरे आघात से गुजर रहा है. आरोप है कि जेल अभिरक्षा में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर जेल में बंद कैदियों के गैंग ने तीन बार सामूहिक यौनाचार किया गया. इसमें कैंटीन ब्वॉय भी शामिल था.
प्राथमिकी के अनुसार महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल पर्व के दौरान विचाराधीन कैदी को जबरन महिलाओं की वेशभूषा पहनाकर इस घटना को अंजाम दिया गया. उसे रक्तस्त्राव भी हुआ. आरोप है कि पीड़ित ने उसके साथ हुए सामूहिक यौनाचार के बारे में वार्ड इंजार्ज से लिखित शिकायत की थी, लेकिन वह तहरीर फाड़ दी गयी. प्राइवेट पार्ट से रक्तस्त्राव होने पर जब पीड़ित इलाज के लिए जेल हॉस्पिटल गया, तो चिकित्सा अधिकारी ने डांट कर भगा दिया. आवेदन में में यह भी बताया गया है कि 12 जून 2026 को जेल से रिहाई के समय उनके बेटे की मेडिकल जांच नहीं कराई गई.
गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मामले में जेल आईजी को हटाने और सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने मौजूदा प्रकरण के साथ जेल की पूर्ववर्ती गंभीर घटनाओं को गंभीर बताया है. साथ ही संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने, आरोपित कैदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने और पीड़ित व गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने जेल के सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और चिकित्सा अभिलेख सुरक्षित रखने की भी मांग की है.
कानूनी जानकार ने बताया, सीरियस ऑफेंस जरूरी था
झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार खान बताते हैं, 1 जुलाई 2024 से देश में नए आपराधिक कानून लागू हुए. इसके साथ ही भारतीय दंड संहिता (IPC) की जगह भारतीय न्याय संहिता ने ले ली. पुराने कानून में पुरुष के साथ जबरन अप्राकृतिक यौनाचार के मामलों में धारा 377 के तहत कार्रवाई का प्रावधान था. लेकिन BNS में इस धारा को शामिल नहीं किया गया. नतीजतन, वयस्क पुरुष के साथ गैर-सहमति से किए गए अप्राकृतिक यौन कृत्य को लेकर नए कानून में कोई सीधा समकक्ष प्रावधान मौजूद नहीं है. लेकिन न्यायिक हिरासत में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है. जेल अभिरक्षा में किसी कैदी के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक यौन उत्पीड़न गंभीर अपराध (Serious Offence) का अपराध है. इसलिए पुलिस को सीरियस ऑफेंस बनाना चाहिए था. मसलन ऐसे मामले में BNS की धारा 123 की भूमिका भी जांच का विषय हो सकती है. यह एक संज्ञेय (Cognizable), गैर-जमानती (Non-Bailable) और गैर-समझौता योग्य अपराध है. धारा 123 किसी अपराध को करने या चोट पहुँचाने के इरादे से जहर, नशीली, बेहोश करने वाली या अन्य हानिकारक चीज़ देने से संबंधित दंडनीय अपराध है. इसमें 10 साल तक का कारावास (कठोर या साधारण) और जुर्माना का प्रावधान है.
इसके अलावा स्वेच्छा से चोट पहुँचाना, गलत तरीके से बंधक बनाना, या आपराधिक बल का प्रयोग करने के लिए भी बीएनएस मे अलग-अलग धारायें हैं. भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत किसी व्यक्ति के साथ गंभीर हमला (गंभीर चोट / Grievous Hurt) होने पर मुख्य रूप से धारा 117 (परिभाषा धारा 116 में) लगती है. वरिष्ठ अधिवक्ता के मुताबिक यदि घटना न्यायिक हिरासत (अभिरक्षा) में हुई है, तो हमलावर की पहचान और परिस्थितियों के आधार पर अतिरिक्त धाराएं भी जुड़ सकती हैं.
प्राथमिकी में दर्ज धाराओं में कितनी सजा का प्रावधान
• BNS की धारा 115(2): जानबूझकर चोट पहुंचाने के मामले में एक साल तक की कैद, 10 हजार रुपये तक जुर्माना या दोनों का प्रावधान है.
• BNS की धारा 126(2): गलत तरीके से किसी व्यक्ति को आगे बढ़ने से रोकने पर एक महीने तक की कैद, 5 हजार रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं.
• BNS की धारा 351: आपराधिक धमकी देने पर सामान्य मामले में दो साल तक की कैद और गंभीर धमकी के कुछ मामलों में सात साल तक की सजा का प्रावधान है.
• BNS की धारा 352: जानबूझकर अपमानित कर शांति भंग करने के लिए उकसाने पर दो साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं.
• BNS की धारा 61(2): आपराधिक साजिश के लिए सजा इस बात पर निर्भर करती है कि साजिश किस अपराध को अंजाम देने के लिए की गई थी.