Search

 
 
 

DSPMU में शैक्षणिक गतिविधियों की कुलपति ने की समीक्षा, सत्र नियमित करने पर जोर

DSPMU के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने सोमवार को गांधी सभागार में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व में लिए गए निर्णयों और निर्धारित लक्ष्यों के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करना था.
 

Ranchi: DSPMU के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने सोमवार को गांधी सभागार में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व में लिए गए निर्णयों और निर्धारित लक्ष्यों के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करना था.

 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. मनोहर ने सबसे पहले पूर्व में तय कार्यों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान आगामी परीक्षाओं के आयोजन और विभागीय स्तर पर नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत को लेकर गहन चर्चा की गई. उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि स्नातक पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि परीक्षाएं समय पर आयोजित कर शैक्षणिक सत्र को नियमित किया जा सके.

 

कुलपति ने इसके लिए विशेष ऑनलाइन कक्षाओं के आयोजन पर भी जोर दिया. साथ ही उन्होंने बैकलॉग परीक्षाओं को विद्यार्थियों के हित में शीघ्र संपन्न कराने के निर्देश दिए. इसके लिए प्रत्येक विभाग से एक समन्वयक नियुक्त कर परीक्षा विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही गई, ताकि पूरी प्रक्रिया सरल और प्रभावी बन सके.

 

उन्होंने कहा कि परीक्षा सत्र नियमित होने के बाद नए सत्र की नामांकन प्रक्रिया और कक्षाओं का संचालन समय पर शुरू करना सुनिश्चित किया जाए. डॉ. मनोहर ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक निरंतरता के साथ-साथ शोध कार्यों को भी प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ MoU के माध्यम से संसाधनों का आदान-प्रदान कर आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा.

 

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय जल्द ही NAAC मूल्यांकन की तैयारी शुरू करेगा और इसके तहत डिजिटल व्यवस्था को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाया जाएगा. प्रत्येक विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी गई है, ताकि मूलभूत समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जा सके.

 

बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार, कुलसचिव डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक शुचि संतोष बरवार समेत सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, निदेशक और समन्वयक उपस्थित थे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही