गिरिडीह में अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी पर हमला, सरकार को भी घेरा || livelagatar news ||
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं, जहां उन्होंने SIR के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं और उनकी बयानबाजी पर देश की जनता सवाल उठा रही है. वहीं, केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है. साथ ही, उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार, अवैध खनन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई. अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आम जनता की समस्याओं से ज्यादा अपनी झोली भरने की चिंता है. केंद्रीय मंत्री के इन बयानों के बाद झारखंड में भाजपा और झामुमो के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं.