रांची नगर निगम का बड़ा एक्शन: अगर आपने भी छिपाई है घर या दुकान की सही जानकारी, तो अब खैर नहीं!
अगर आप भी यह सोच रहे हैं कि कागजों में अपना 'महल' छोटा दिखाकर नगर निगम की आंखों में धूल झोंक देंगे, तो संभल जाइए ! क्योंकि निगम की मापी वाला फीता अब आपके दरवाजे तक पहुँच चुका है और बड़े-बड़े खिलाड़ियों' का खेल बिगड़ना शुरू हो गया है. जी हाँ! रांची नगर निगम की बड़ी कार्रवाई में राजस्व शाखा ने वार्ड संख्या 45 के सृष्टि हॉस्पिटल में 12,000 वर्गफीट के बदले 22,870 वर्गफीट की व्यावसायिक मापी कर 10,870 वर्गफीट का अंतर पकड़ा है. जबकि वार्ड संख्या 35 के आरएसपी हाउस रंजीत एंड कंपनी में 6,160 वर्गफीट के बजाय 24,491 वर्गफीट का भारी व्यावसायिक अंतर सामने आया है. वहीं इसी वार्ड के छवि प्लाजा में भी 7,900 वर्गफीट के स्थान पर 21,300 वर्गफीट एरिया पाया गया है. जांच की इस कड़ी में कौशल्या हेरिटेज में बैंक रेंट और बेसमेंट पार्किंग की विसंगतियां पकड़ी गई हैं.
