हजारीबाग टाउन स्टेशन पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग
हजारीबाग : हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग का आगमन हुआ। महाप्रबंधक के दौरे को लेकर स्टेशन परिसर में साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नजर आईं। हालांकि स्टेशन पहुंचने के बाद महाप्रबंधक सीधे बड़कागांव स्थित एनटीपीसी के साइड ऑफिस पहुंचे। वहां उन्होंने माइनिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद बानादाग रेलवे साइडिंग का भी दौरा किया।
निरीक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद महाप्रबंधक दोबारा हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे कोडरमा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान विभिन्न संगठनों और लोगों ने अपनी मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा l हजारीबाग खातियानी परिवार से जुड़े लोगों ने भी महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर हजारीबाग टाउन स्टेशन से लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों के परिचालन की मांग की। खातियानी परिवार के जिला अध्यक्ष अशोक राम ने कहा कि हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन आज भी अपेक्षित सुविधाओं से वंचित है। स्टेशन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कोयले की ढुलाई के लिए किया जा रहा है, जबकि यात्री सुविधाओं और लंबी दूरी की ट्रेनों के मामले में हजारीबाग को पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है।