जामताड़ा : बराकर नदी से बालू का धड़ल्ले से उठाव, अफसरों की ‘नजर’ कहां?
जामताड़ा। एनजीटी की रोक के बावजूद नारायणपुर थाना क्षेत्र के बराकर नदी में बालू का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। चितामी, दक्षिणबहाल समेत आसपास के इलाकों में नदी से बड़े पैमाने पर बालू का उठाव कर उसका स्टॉक किया जा रहा है। इसके बाद यही बालू ऊंची कीमतों पर दूसरे इलाकों में बेचा जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि एनजीटी का आदेश कागजों पर भले प्रभावी हो, लेकिन बराकर नदी के किनारे पहुंचते ही उसका असर जैसे गायब हो जाता है।
गुरुवार को धनबाद की ओर से पहुंचे पांच-छह 407 वाहनों को कथित रूप से बालू लोड करते देखा गया। वाहन चालकों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वे यहां करीब 4500 रुपये में बालू खरीदते हैं और धनबाद में 10 से 12 हजार रुपये तक में बेचते हैं। चालकों के अनुसार नदी से बालू निकालकर स्टॉक करने वाले व्यक्ति से ही उन्हें बालू उपलब्ध कराया जाता है। उनका दावा है कि सामान्य दिनों में इस स्थान से प्रतिदिन करीब 20 से 25 गाड़ी बालू बाहर भेजा जाता है। बारिश तेज होने पर जरूर कारोबार की रफ्तार कुछ धीमी पड़ जाती है।