Bokaro news : बालीडीह थाना क्षेत्र के करहरिया पंचायत में बीती रात ग्रामीणों ने मवेशी चोरी कर वाहन से ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया. इस दौरान उसके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. ग्रामीणों ने वाहन से एक बाछी समेत तीन मवेशियों को बरामद किया. पकड़े गए व्यक्ति, वाहन और बरामद मवेशियों को बालीडीह थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
एक-डेढ़ वर्ष के अंदर गांव से 50 से अधिक मवेशी हो चुकी है चोरी
करहरिया निवासियों ने दावा किया कि एक-डेढ़ वर्ष के अंदर गांव से करीब 50 से अधिक मवेशी की चोरी हो चुकी है. आनंद महतो ने कहा कि रात को फुलेश्वर महतो सहित कुछ घरों में मवेशी नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू हुई. इस दौरान एक बाउंड्री के अंदर तीन मवेशियों को देखा गया, जिसका गेट बाहर से बंद था.
ग्रामीण मवेशी चोरों को पकड़ने के लिए आसपास की झाड़ियों में छुप गए. कुछ देर बाद एक बाइक सवार आया, पीछे से मारुति कंपनी का चारपहिया वाहन भी आया. इसके बाद ग्रामीणों ने रास्ते पर पेड़ का लकड़ी गिरा कर मार्ग को अवरूद्ध कर दिया.
ग्रामीणों ने कहा वाहन में लादकर मवेशियों को लाने के क्रम में मार्ग अवरूद्ध देख वे लोग घबरा गए. इसके बाद गाड़ी को दूसरी ओर लेकर भागने की कोशिश की. लेकिन ग्रामीणों के बिछाए जाल से बाहर नहीं निकल पाए.
हालांकि, रात के अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब रहे. लेकिन सिवनडीह निवासी सिराज अंसारी को पकड़ लिया गया. वाहन से बरामद तीन मवेशी में से दो भिखन महतो तथा एक आनंद महतो का है.