Search

 
 
 

Dhanbad News: ग्रामीणों ने खेमका आउटसोर्सिंग का काम कराया बंद, स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग

Dhanbad News: आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों के आर्थिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पूर्व में नियोजन और मजदूरों की अन्य समस्याओं को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी.
 
ग्रामीणों ने बंद कराया काम

Dhanbad News: मजदूरों के हक और स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. बीसीसीएल ब्लॉक-दो क्षेत्र के 14 नंबर हाजिरी घर के समीप संचालित खेमका आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ ग्रामीण एकता मंच के बैनर तले ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है. ग्रामीणों ने कंपनी का कामकाज पूरी तरह ठप करा दिया है. आंदोलन समाप्त कराने के लिए बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ वार्ता की लेकिन सहमति नहीं बनने के कारण आंदोलन जारी है.

 

30 दिन काम, वेतन सिर्फ 18 से 20 दिन का

आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों के आर्थिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पूर्व में नियोजन और मजदूरों की अन्य समस्याओं को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी. उस दौरान कई मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन बाद में कंपनी अपने वादों से मुकर गई. ग्रामीणों का आरोप है कि खेमका आउटसोर्सिंग में मजदूरों को एचपीसी (हाई पावर कमेटी) के निर्धारित वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है. 30 दिनों की ड्यूटी के बदले महज 18 से 20 दिनों का वेतन दिया जाता है.

 

न पहचान पत्र, न सुरक्षा की गारंटी

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी में काम करने वाले मजदूरों को पहचान पत्र तक उपलब्ध नहीं कराया गया है. खनन जैसे जोखिम भरे काम में सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है. उनका कहना है कि यदि काम के दौरान किसी मजदूर के साथ दुर्घटना हो जाती है, तो कंपनी उसकी जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर सकती है. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब मजदूरों की पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है तो उनकी जिम्मेदारी कौन लेगा.

 

ग्रामीण एकता मंच के बैनर तले आंदोलन कर रहे लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक कंपनी मजदूरों को उनका निर्धारित वेतन, सुरक्षा और पहचान पत्र उपलब्ध नहीं कराती तथा स्थानीय लोगों को नियोजन नहीं देती तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा. कंपनी का चक्का जाम जारी रहेगा.

 

बीसीसीएल और कंपनी प्रबंधन के अपने-अपने दावे

इधर आंदोलन समाप्त कराने पहुंचे बीसीसीएल अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों के साथ वार्ता की गई लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका. इसके कारण आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बाधित है.

 

वहीं खेमका आउटसोर्सिंग प्रबंधन ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को गलत बताया है. प्रबंधन का कहना है कि कंपनी नियमानुसार कोयला खनन का कार्य कर रही है और मजदूरों को सही वेतन दिया जा रहा है. आंदोलन के कारण कंपनी का कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग कार्य प्रभावित हुआ है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही