Bokaro News: बेरमो अनुमंडल स्थित पेटरवार वन क्षेत्र में वन विभाग की ओर से किए जा रहे वनरोपणी का ग्रामीणों ने विरोध किया. दरअसल, वन क्षेत्र के खाली इलाके में वन विभाग की टीम वनरोपणी के लिए पहुंची थी. जिसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशत हो गए. और वे लोग तीर धनुष सहित अन्य पारंपरिक हथियारों से लैस होकर पेटरवार वन क्षेत्र अंतर्गत पतकी पंचायत के मिर्जापुर रेवेन्यू विलेज स्थित वन क्षेत्र में पहुंच गए. इस दौरान वनरोपण कर रही वन विभाग की टीम को जोरदार विरोध का सामना करना पड़ा. जोरदार विरोध के कारण वन विभाग की टीम को उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम के वनरोपण का कार्य शुरू करते ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे. ग्रामीणों का कहना है कि इसी क्षेत्र से होकर अपने स्थानीय ग्रामीण खेतों तक आवागमन करते हैं. यह मार्ग खेती, चरागाह और ग्रामीणों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा कंटीले बांस के पौधे लगाए जा रहे हैं तथा रास्ते को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने कंटीले बांस लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई. उनका आरोप है कि कंटीले बांस के कारण मवेशियों को नुकसान हो रहा है और पूर्व में कई मवेशियों की मौत भी हो चुकी है. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि खेती और आवागमन के रास्ते को बाधित कर वनरोपण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ग्रामीणों के विरोध के बाद वन विभाग की टीम को वनरोपण का कार्य रोककर वापस लौटना पड़ा.
वहीं मामले पर वनपाल जगदीश कुमार ने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मुझे पत्रकारों से बात करने का परमिशन नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

