Search

 
 
 

इंडिया गठबंधन की वर्चुअली बैठक संपन्न, नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से किया इनकार

 
अखिलेश-ममता से चर्चा के बाद खड़गे को बनाया जा सकता है अध्यक्ष  NewDelhi :  इंडिया गठबंधन की पांचवीं बैठक आज वर्चुअली आयोजित की गयी. इस बैठक में 10 घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया. जेडीयू की ओर से पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह और संजय झा शामिल हुए. बैठक में शामिल दलों ने इंडिया गठबंधन के संयोजक बनाये जाने को लेकर नाम का प्रस्ताव रखा. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने नीतीश कुमार को संयोजक बनाये जाने का प्रस्ताव रखा. लेकिन उन्होंने खुद ही संयोजक बनने से इनकार कर दिया.

बैठक में खड़गे को इंडिया गठबंधन का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया

सूत्रों के अनुसार, नीतीश ने कहा कि मेरी किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है. हम चाहते हैं कि गठबंधन जमीन पर आगे बढ़े. जरूरी है कि गठबंधन में शामिल दलों में एकजुटता बनी रहे. नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस को ही इंडिया ब्लॉक का अध्यक्ष बनना चाहिए. सूत्रों की मानें तो बैठक में शामिल दलों के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इंडिया गठबंधन का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा. अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से चर्चा के बाद नाम का ऐलान हो सकता है. क्योंकि बैठक में अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे शामिल नहीं हुए.

बैठक में 28 में से सिर्फ 9 दलों ने लिया हिस्सा 

बता दें कि इंडिया गठबंधन की वर्चुअली बैठक में 28 में से सिर्फ 9 दलों ने हिस्सा लिया. दो घंटे तक चली इस बैठक में सीट बंटवारे की प्रगति और गठबंधन का संयोजक बनाने पर चर्चा की गयी. साथ ही कांग्रेस ने सभी दलों के नेताओं से राहुल गांधी की आगामी `भारत जोड़ो न्याय यात्रा` में शामिल होने का अनुरोध किया. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, लालू यादव, तेजस्वी यादव (RJD), बिहार के सीएम नीतीश कुमार (JDU), दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (AAP), उमर अब्दुल्ला (नेशनल कॉन्फ्रेंस), सीताराम येचुरी (CPI-M), डी राजा (CPI), शरद पवार (NCP-शरद पवार) और DMK की तरफ से तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन शामिल हुए. [wpse_comments_template]  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही