Search

 
 
 

W. Champaran : नदी का तेज बहाव भी तोड़ नहीं पाया पिता का हौसला, कंधे पर बेटे को बैठा पहुंचाया स्कूल

नेपाल के तराई में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार के पश्चिम चंपारण के सीमावर्ती दोन इलाके में साफ दिखने लगा है. यहां गंडक, मसान, हरहा, कपन और भलुई जैसी पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. नदियों में तेज बहाव के कारण रामनगर प्रखंड का दोन इलाका एक बार फिर मुख्य इलाके से कटने लगा है.
 
  • वीडियो ने बयां की दोन इलाके की हकीकत

Lagatar Desk :  नेपाल के तराई में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार के पश्चिम चंपारण के सीमावर्ती दोन इलाके में साफ दिखने लगा है. यहां गंडक, मसान, हरहा, कपन और भलुई जैसी पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. नदियों में तेज बहाव के कारण रामनगर प्रखंड का दोन इलाका एक बार फिर मुख्य इलाके से कटने लगा है.

 

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक पिता अपने छोटे बेटे को कंधे पर बैठाकर तेज बहाव वाली नदी पार करता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि वह बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए नदी पार कर रहा था. तेज धारा के बीच नदी पार करने का यह दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है.

 

पिता द्वारा बेटे को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराने वाले वायरल वीडियो ने दोन इलाके की वर्षों पुरानी समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को उजागर कर दिया है. वायरल वीडियो ने यह सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि आखिर इस इलाके को सुरक्षित सड़क और पुल की सुविधा कब मिलेगी, ताकि लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े. 

 

जानकारी के अनुसार, नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार को वाल्मीकिनगर गंडक बराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इसके बाद गंडक समेत कई पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके बाद प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है. साथ ही नदी के किनारे नहीं जाने की भी सलाह दी है.

 

बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब रामनगर प्रखंड के दोन इलाके की नदियां उफना गई हैं. हर साल बारिश के मौसम में यहां के करीब 22 गांव चारों तरफ से पानी से घिर जाते हैं. कई इलाकों में आज भी पुल नहीं बने हैं. ऐसे में जब नदियों का जलस्तर बढ़ जाता है तो लोगों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने और जरूरी सामान लाने के लिए जान जोखिम में डालकर उफनती नदियां पार करनी पड़ती हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही