Search

 
 
 

अभिव्यक्ति की आजादी के विरोधी थे नेहरू?

Nehru opposed to freedom of expression: बीते 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक लेख अखबारों में प्रकाशित हुआ, जिसमें उन्होंने आदतन कांग्रेस और नेहरू पर संविधान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है! साथ ही उस पहले संविधान संशोधन की ओर भी इशारा था!
 

Uploaded Image

श्रीनिवास

संविधान लागू होने के एक वर्ष के अंदर ही 1951 में जो पहला संशोधन हुआ, उसमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी लगाने के कुछ प्रावधान थे. इस बात को नेहरू के लोकतंत्र विरोधी होने के सबूत के रूप में पेश किया जाता रहा है. उन लोगों द्वारा अधिक, जो मौजूदा सरकार और प्रधानमंत्री की किंचित आलोचना को भी देश का अपमान मानते हैं और आलोचकों को देशद्रोही. 

 

बीते 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक लेख अखबारों में प्रकाशित हुआ, जिसमें उन्होंने आदतन कांग्रेस और नेहरू पर संविधान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है! साथ ही उस पहले संविधान संशोधन की ओर भी इशारा था! 

 

बेशक किसी भी तर्क से अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक का समर्थन करना कठिन है, लेकिन 1950-51 के हालात पर गौर करने पर समझा जा सकता है कि नेहरू ने किन स्थितियों में वह फैसला किया होगा. 

 

राहुल भाटिया की एक किताब है ‘द आइडेंटिटी प्रोजेक्ट’, अंग्रेजी में. जैसे तैसे कुछ अंश पढ़ा, गूगल की सहायता से अनुवाद भी किया! किताब में 40 वर्ष पहले आरएसएस छोड़ चुके पार्थ बनर्जी के कथन और उनकी पुस्तक ‘ट्रू स्टोरी ऑफ आरएसएस’ के हिस्से भी शामिल हैं. 

 

भाटिया की पुस्तक में भारत में 19 वीं सदी-  ब्रिटिश काल- से प्रारंभ हिंदू-मुसलिम विवाद की जड़ों, और विभाजन के दौरान और बाद में हुई सांप्रदायिक हिंसा, संघ की कार्यप्रणाली और वैचारिक दिशा की पड़ताल करने के साथ ही 2014 में नरेंद्र मोदी की ताजपोशी के बाद बदलते माहौल का ब्योरा और आकलन है. 

 

फिलहाल किताब का वह अंश

“...1950 के शुरुआती महीनों में नेहरू जिस 'मध्ययुगीन मानसिकता' से लड़ रहे थे, वह पूरी तरह से प्रदर्शित हो गई थी. एक प्रतिक्रियावादी मानसिकता जो कार्य करने में तो तेज थी, लेकिन परिणामों पर विचार करने में धीमी थी. 

बंगाल और असम राज्य के मुसलमान, जिनमें से अनेक जूट की खेती करते थे, उनका शिकार किया गया और उन्हें पूर्वी पाकिस्तान में खदेड़ दिया गया. पूरे ग्रामीण क्षेत्र में उनके खेत वीरान पड़े हैं. इस फसल ने समृद्धि और असंतोष दोनों को जन्म दिया था. 

उस समय की कविताओं और अन्य लेखों में मुस्लिम घरों का वर्णन किया गया था, जिनकी बेदाग टिन की छतें सूरज की रोशनी में चमकती थीं, जो धन के संकेत थे, जिससे चारों ओर जीवनयापन की लागत बढ़ गई थी. 

जब किसानों को बाहर निकाल दिया गया, तो नेहरू को आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण फसल के मौसम के दौरान जूट उत्पादन में गंभीर संकट की चिंता सताने लगी. उनकी जगह पाकिस्तान से आये हिंदू, कुशल किसान, जिनके साथ शत्रुतापूर्ण व्यवहार किया गया.

मध्ययुगीन मस्तिष्क किसी बड़ी तस्वीर का केवल एक ही हिस्सा देख पाता था. संसद में एक सदस्य ने पश्चिमी रीति-रिवाजों के खिलाफ विद्रोह किया तथा राष्ट्रपति के प्रवेश पर शंख बजाने तथा प्राचीन भारतीय शिलालेख लगाने का सुझाव दिया. 

नेहरू ने उस संसद सदस्य से पूछा कि क्या वह 'पांच सौ साल पहले इस्तेमाल किये गये हथियारों का इस्तेमाल करना पसंद करेंगे या फिर वर्तमान में इस्तेमाल किये जाने वाले हथियारों का?' लेकिन जैसे-जैसे बंगाल में हत्याएं जारी रहीं और शरणार्थी रेलगाड़ी या स्टीमबोट से आते रहे, उनके लेखन की शांति खत्म होती गई. 

उनके कार्यालय से आने वाले पत्राचारों ने विशेष रूप से 26 मार्च को उग्र रूप ले लिया, जब उन्हें पता चला कि बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और उनके ड्राइवर की हिंदुओं ने हत्या कर दी है. उन्होंने उस दिन जिन लोगों को भी पत्र लिखा, उन सभी पर निशाना साधा, चाहे वह पाकिस्तान का प्रधानमंत्री हो या कोई मित्र. 

एक बार फिर तीक्ष्णतापूर्वक दंड देने की उसकी प्रवृत्ति. वह चाहते थे कि जेल की सजा और सामूहिक जुर्माना लगाया जाये तथा खोखली थ्योरी का अंत किया जाये. एक अप्रैल तक नेहरू की कैबिनेट संविधान द्वारा गारंटीकृत और पांच महीने पहले अपनाये गये मौलिक अधिकारों को निलंबित करने से कुछ ही घंटे दूर थी. 

भारत के राष्ट्रपति ने उनसे इस पर विचार करने का अनुरोध किया, ताकि मुसलमान घबरा न जाएं और हिंदू दुस्साहसी न हो जाएं. जो लोग उससे घृणा करते थे, उन्होंने गुमनाम पत्र लिख कर उसे इस्लामी तानाशाह कहा. 

भारतीय संसद के एक सदस्य ने एक वाक्य लिखा, जिसकी शुरुआत 'प्रिय मौलाना नेहरू' से हुई और अंत में उन पर भारत का विभाजन स्वीकार करके भारत के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया गया. 'मौलाना' शब्द का प्रयोग फारसी और अरबी के विद्वान के लिए किया जाता था, लेकिन नेहरू के लिए इसका प्रयोग यह दर्शाता था कि उनकी सहानुभूति मुसलमानों के प्रति थी और यह अपमानजनक शब्द उन पर चिपक जाएगा. 

सत्तर साल बाद उनके हिंदू आलोचकों के वंशज ट्विटर पर अक्सर उन्हें ‘मौलाना नेहरू’ कह कर बुलाते हैं. यद्यपि वे देश के अपने आदर्श- 'स्वतंत्र भारत का महान भवन, जहां उसके सभी बच्चे निवास कर सकें', को दृढ़ता से पकड़े हुए थे, लेकिन 1950 के आरंभ में उन्हें महसूस हुआ कि यह आदर्श उनसे दूर होता जा रहा है. 

उन्होंने अपने डिप्टी को लिखा, 'मैं देख रहा हूं कि मेरे द्वारा अपनाये गये सभी आदर्श लुप्त होते जा रहे हैं और भारत में ऐसी परिस्थितियां उभर रही हैं, जो न केवल मुझे व्यथित कर रही हैं, बल्कि मुझे यह भी संकेत दे रही हैं कि मेरे जीवन का कार्य असफल रहा है.'  'यह आंतरिक सड़ांध ही आज का सबसे दुखद लक्षण है!'… 

 

 

फिलहाल नेहरू के बचाव में और कुछ नहीं कहना है. बस इतना कि मैं नेहरू को न आलोचना से परे मानता हूं, न यह कि उनमें कोई कमी नहीं थी या उनसे कोई गलती नहीं हुई! मगर बुनियादी रूप से वे लोकतांत्रिक व्यक्ति थे! यह बात उनके राजनीतिक विरोधी (यहां मैं नेहरू को देश के विभाजन और देश की बर्बादी का कारण और  ‘खलनायक' मानने वाले मौजूदा पीढ़ी के नेहरू विरोधियों की बात नहीं कर रहा) भी मानते रहे हैं! 

 

उस दौर में काग्रेस के सांसद भी सरकार की तीखी आलोचना करते थे, सरकार और प्रधानमंत्री को कठघरे में खड़ा करते थे! तब  संसद सचमुच जीवंत और संजीदा बहस की जगह हुआ करती थी! इसलिए मुझे नहीं लगता कि नेहरू अभिव्यक्ति की आजादी के विरोधी थे.

 

प्रसंगवश, एक किस्सा काफी चर्चित है- नेहरू ने प्रधानमंत्री बनने के 10 साल पहले ही नवंबर 1937 में अपनी आलोचना में एक लेख लिखा था. तब नेहरू कांग्रेस के अध्यक्ष थे.

 

लेख कलकत्ता (अब कोलकाता) से छपने वाली पत्रिका "Modern Review'  में 'The Rashtrapati' शीर्षक से छपा.

 

लेखक- चाणक्य. उसमें नेहरू की ही जम कर आलोचना थी कि उनमें 'तानाशाह बनने के सारे लक्षण हैं, अपार लोकप्रियता, मजबूत इच्छाशक्ति, दूसरों के प्रति असहिष्णुता, कमजोरों के प्रति एक तरह की अवमानना...'

 

अंत में लिखा था- We want no Caesars.' Caesar, यानी सीजर, प्राचीन मिस्र का तानाशाह. बाद में पता चला कि 'चाणक्य' कोई और नहीं, खुद नेहरू ही थे.

 

वजह? माना जाता है कि नेहरू को डर था कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और व्यक्ति-पूजा कहीं लोकतंत्र के लिए ही खतरा न बन जाये. इसलिए उन्होंने खुद को ही चेतावनी दी. आजादी और प्रधानमंत्री बनने के बाद 1958 में 'Economic Weekly' में छपे एक गुमनाम लेख 'After Nehru...' को लेकर भी कुछ लोगों ने अनुमान लगाया था कि शायद वह भी नेहरू ने लिखा हो, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई.

 

जो भी हो, नेहरू को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का विरोधी मानने का कोई आधार नहीं है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही