Search

 
 
 

Rohtas News : बाणसागर से पानी छोड़ने पर सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, इंद्रपुरी बराज के 69 फाटक खोले गए

Bihar News :   बाणसागर जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. जिला प्रशासन ने रोहतास जिले में नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
 
सोन नदी

Bihar News :  मध्य प्रदेश के बाणसागर जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए इंद्रपुरी बराज के करीब सभी 69 फाटक खोल दिए गए हैं. अब तक करीब 5.12 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. सोन नदी में जलस्तर बढ़ने से रोहतास जिले में नदी किनारे बसे इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है. 

 

जिला प्रशासन ने भी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. खासकर नदी के किनारे और नदी के बीच बने टापू जैसे ऊंचे स्थानों पर रहने वाले लोगों को जल्द सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है. नौहट्टा, तिलौथू और नासरीगंज समेत सोन नदी के आसपास के इलाकों में माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है.

 

प्रशासन ने नदी के बीच खेती करने वाले किसानों, पशुपालकों और वहां अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है. लोगों से नदी के किनारे जाने और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचने की अपील की गई है.

 

रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा सोन नदी में बढ़ते पानी की स्थिति का जायजा लेने इंद्रपुरी बराज पहुंचे. उन्होंने जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों और अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की. डीएम ने बराज और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया.

 

साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी रखने को कहा. डीएम ने बताया कि बाणसागर से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी का जलस्तर बढ़ा है.  हालांकि बाणसागर के रेडियल गेट अब धीरे-धीरे बंद किए जा रहे हैं.  इससे आने वाले समय में सोन नदी के जलस्तर में कमी आने की उम्मीद है.

 

बता दें कि झारखंड के पलामू जिले में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहां बारिश होने से सोन नदी का जलस्तर बढ़ सकता है. इसको देखते हुए एडीएम, एसडीएम, बीडीओ और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें. स्थिति सामान्य होने तक निचले इलाकों और सोन नदी के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही