- अर्जुन सिंह ने दी बदले की चेतावनी
- मंत्री ने कहा- हिंदुओं की हत्या का बदला लिया जाएगा
- हसीना की वापसी पर सरकार ने कहा-कैदी की तरह हथकड़ी लगाकर आना होगा
Lagatar Desk : शुभेंदु अधिकारी (पश्चिम बंगाल) सरकार के मंत्री अर्जुन सिंह के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. अर्जुन सिंह ने उत्तर 24 परगना के भाटपारा में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि भारत 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेगा. अर्जुन सिंह ने यह भी कहा कि बांग्लादेश में अब तक की गई हिंदुओं की हत्या का बदला लिया जाएगा. बंगाल के मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने का फैसला किया है.
गौरतलब है कि शेख हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से अपने देश बांग्लादेश लौटेंगी. इस दिन बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है. क्योंकि 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद देश आजाद हुआ था. हालांकि दूसरी तरफ बांग्लादेश सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर शेख हसीना लौटती हैं, तो उन्हें आम यात्री की तरह नहीं, बल्कि एक कैदी की तरह हथकड़ी लगाकर जेल भेजा जाएगा.
जून-जुलाई में शुरू हुआ था आंदोलन
बता दें कि साल 2024 के जून-जुलाई महीने में बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण (कोटा सिस्टम) के खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था. शुरुआत में यह आंदोलन केवल नौकरी के नियमों में बदलाव की मांग तक सीमित था. लेकिन पुलिस की सख्ती और हिंसा के बाद इसने सरकार विरोधी जनआंदोलन का रूप ले लिया.
5 अगस्त को पीएम पद से इस्तीफा, देश भी छोड़ा
अगस्त की शुरुआत में छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया और 5 अगस्त 2024 को लाखों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने ढाका स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास गणभवन की ओर कूच किया. सेना भी छात्रों के इस उग्र आंदोलन को संभाल नहीं सके. हालात बिगड़ने पर शेख हसीना ने प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और इसी के साथ देश में अवामी लीग के 15 साल के शासन का अंत हो गया.
सीधे हिंडन एयरबेस पर उतरा था हसीना का विमान
इस्तीफा देने के तुरंत बाद 5 अगस्त 2024 की शाम को शेख हसीना अपनी बहन शेख रेहाना के साथ बांग्लादेश वायुसेना के एक विशेष विमान (C-130J) से भारत के लिए रवाना हुईं. उनका विमान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर उतरा था, जहां भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने उनसे मुलाकात की थी. तब से लेकर अब तक शेख हसीना भारत में ही रह रही हैं.
ट्रिब्यूनल ने सुनाई थी फांसी की सजा
इस बीच 17 नवंबर को इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई थी. ट्रिब्यूनल के इस फैसले के बाद से देश में तनाव बढ़ गया था. ट्रिब्यूनल का फैसला 2024 के छात्र आंदोलन दबाने की कार्रवाई से जुड़ा है. इस आंदोलन में सैकड़ों लोग मारे गये थे. हालांकि हसीना ने इस फैसले को मानने से इनकार कर दिया था. उनका कहना था कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी.