Search

 
 
 

पश्चिम बंगाल के मंत्री के बिगड़े बोल...ममता बनर्जी पर उठाई जाने वाली उंगलियां तोड़ देंगे...

 
 Kolkata :  पश्चिम बंगाल के मंत्री उदयन गुहा की इस कथित टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है कि महिला चिकित्सक से बलात्कार व हत्या के मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर उठाई जाने वाली उंगलियां तोड़ दी जायेगी. गुहा की यह धमकी वायरल हुई एक वीडियो क्लिप में सुनी जा सकती है. हालांकि, पीटीआई-भाषा वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका है.

ममता के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, वे कभी सफल नहीं होंगे

तृणमूल कांग्रेस नेता गुहा को वीडियो में कथित तौर पर यह कहते सुना जा सकता है, जो लोग ममता बनर्जी पर हमला कर रहे हैं, उन पर उंगली उठा रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, वे कभी सफल नहीं होंगे. ममता बनर्जी पर उठने वाली उंगलियां तोड़ दी जायेंगी.  आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में नौ अगस्त को एक युवा महिला चिकित्सक का शव मिला था. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक से बलात्कार व हत्या की घटना के कारण देशभर में रोष व्याप्त है.

लोगों ने आर जी कर मेडिकल कॉलेज में घुसकर तोड़फोड़ की थी

इस अपराध के सिलसिले में घटना के अगले दिन एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था.  उन्होंने कहा, उकसावे के बावजूद, पुलिस ने आर जी कर अस्पताल में तोड़फोड़ किये जाने के दौरान लाठीचार्ज नहीं किया.  लोगों के एक समूह ने 15 अगस्त की सुबह अस्पताल में घुसकर आपातकालीन विभाग, नर्सिंग केंद्र और दवा भंडार में तोड़फोड़ की थी.

पश्चिम बंगाल को कभी भी दूसरा बांग्लादेश नहीं बनने देंगे

मृतका के लिए न्याय की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के छात्रों का विरोध प्रदर्शन पश्चिम बंगाल में 11वें दिन भी जारी रहा, जिससे चिकित्सा सेवाएं ठप पड़ गयी हैं. बांग्लादेश में प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपदस्थ करने वाले छात्रों के आंदोलन की तुलना पश्चिम बंगाल में विरोध प्रदर्शनों से करते हुए गुहा ने कहा, हम पश्चिम बंगाल को कभी भी दूसरा बांग्लादेश नहीं बनने देंगे.

उदयन गुहा के बयान पर भाजपा हमलावर हुई 

उदयन गुहा  के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है. शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया एक्स  पर  लिखा. महिलाओं के 14 अगस्त की आधी रात के मार्च का अपमान और मजाक उड़ाने वाले तानाशाह दीदी के मंत्री उदयन गुहा ने अब खौफनाक चेतावनी दी है. कहा है कि अगर आप CM पर उंगली उठायेंगे, तो उंगलियां तोड़ दी जायेंगी.

कोलकाता पुलिस ने नागरिकों को धमकी भरे नोटिस जारी किये

लिखा कि ये असली  फासीवाद है. कोलकाता पुलिस ने नागरिकों को धमकी भरे नोटिस जारी किये, डॉक्टरों को बुलाया. विरोध प्रदर्शनों से बचने के लिए फुटबॉल मैच रद्द किया गया. संदीप घोष पर बोलने के लिए शांतनु सेन को प्रवक्ता पद से हटाया गया, सुखेंदु रॉय को बुलाया गया. 43 डॉक्टरों के तबादले का तालिबानी आदेश रोक दिया गया. अब खुली धमकियां!
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही