Search

पश्चिम बंगाल : कूचबिहार में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों में झड़प,फायरिंग में चार लोगों की मौत

Kolkata : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर चौथे चरण में 5 जिलों की 44 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. बंगाल के पांच जिलों हुगली, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिले की 44 सीटों पर वोटिंग हो रही है.  लेकिन वोटिंग शुरू होते ही  कूचबिहार के सितालकुची में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के आपस में भिड़ने की खबर आयी .  झड़प में कई लोग जख्मी हुए हैं.

बूथ नंबर 285 में मतदान केंद्र के बाहर बम फेंके गये और गोलीबारी हुई. पोलिंग बूथ के बाहर फायरिंग में पहली बार वोट डालने आये एक युवक की मौत हो गयी. मौके से कई क्रूड बम भी बरामद किये गये हैं. इस घटना के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया. 

टीएमसी ने बीजेपी पर हिंसा भड़काने का आरोप

युवक की मौत के बाद टीएमसी ने बीजेपी पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया. हालांकि, बीजेपी ने ऐसे आरोपों से इनकार किया है. जानकारी के अनुसार हंगामे को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. मौके पर भारी फोर्स तैनात कर दी गयी है.

इस बीच बंगाल पुलिस ने दावा किया है कि केंद्रीय बलों की फायरिंग में कूचबिहार में चार लोगों की मौत हो गयी. सूत्रों के अनुसार, सुबह 10 बजे के आसपास सितालकुची में घटना तब हुई जब क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) पर मतदान क्षेत्र का चक्कर लगाते हुए उपद्रवियों द्वारा कथित रूप से हमला किया गया. 

 

44 विधानसभा क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की 700 से ज्यादा कंपनियां तैनात

चुनाव पूर्व हिंसा को देखते हुए इसबार आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कमर कस ली है. पांच जिलों के 44 विधानसभा क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की 700 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गयी हैं. कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये हैं.

जिले में सुरक्षा को लेकर केंद्रीय बलों की 140 कंपनियां तैनात की गयी हैं. इनमें से 103 कंपनियां हावड़ा जिले के शहरी क्षेत्र में ही तैनात हैं. इसके अलावा राज्य पुलिस के 5000 पुलिसकर्मी भी चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं.   44 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6.30 बजे तक वोट डाले जायेंगे. इस चरण में वोटिंग के लिए कुल 15940 मतदान केंद्र बनाये गये हैं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//