Search

 
 
 

पश्चिम बंगाल :  टीएमसी  सुप्रीम कोर्ट पहुंची, किया दावा, 31 सीटों पर हार जीत का अंतर SIR में हटाये गये वोटों से कम

कल्याण बनर्जी की दलील पर  बेंच ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य नेता बंगाल में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिविजन(SIR) के खिलाफ नयी याचिका दाखिल कर सकते हैं.
 

New Delhi  : पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी की करारी हार के बाद पार्टा ने  सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, टीएमसी ने दावा किया कि राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में 31 सीटों पर भाजपा और टीएमसी  में हारजीत का अंतर SIR  प्रक्रिया में हटाये गये वोटों से कम है.

 

यह बात आज सोमवार को टीएमसी सांसद और वकील कल्याण बनर्जी ने जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची की बेंच से कही. बता दें कि आज सुप्रीम कोर्ट में SIR को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई हुई.

 

कल्याण बनर्जी की दलील पर  बेंच ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य नेता बंगाल में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिविजन(SIR) के खिलाफ नयी याचिका दाखिल कर सकते हैं.  

 

इससे पूर्व कल्याण बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि एक मामले में उनके कैंडिडेट की हार 862 वोटों से हुई, जबकि उस सीट पर 5000 से ज्यादा वोटर नाम काट दिये गये थे.

 

बनर्जी ने बताया कि टीएमसी और भाजपा के बीच कुल वोटों का अंतर लगभग 32 लाख था. यह भी बताया कि वोट डिलीशन के खिलाफ 35 अपीलें अभी भी लंबित हैं. 

 

 चुनाव आयोग ने टीएमसी की इन दलीलों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में EC में याचिका दाखिल की जानी चाहिए. SIR और उससे जुड़े विवादों में इसी प्रक्रिया के तहत जवाबदेही तय की जा सकती है.

 

टीएमसी की ओर से ही पेश सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी ने कोर्ट में कहा कि कि मौजूदा रफ्तार से अपीलीय ट्रिब्यूनल्स को इन अपीलों को निपटाने में लगभग 4 साल लग जायेंगे.

 

जान लें कि हालिया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीत कर इतिहास रच दिया. टीएमसी महज 80 सीटों में सिमट गयी. इस चुनाव में राज्य में 93 फीसदी से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गयी है.

 

आंकडों  पर नजर डालें तो भाजपा को 2 करोड़ 92 लाख 24 हजार 804 वोट मिले. जबकि टीएमसी को 2 करोड़ 60 लाख 13 हजार 377 वोट हासिल हुए हैं. यानी भाजपा  को टीएमसी से 32 लाख 11 हजार 427 ज्यादा वोट मिले. 293 सीटों के संदर्भ में  भाजपा ने हर सीट पर औसत 10,960 वोट ज्यादा हासिल किये. 

 

जहां तक SIR की बात है तो राज्य में कुल 91 लाख वोट मतदाता सूची से काट दिये गये. इसका मतलब हर सीट पर औसतन 30 हजार वोटरों के नाम कट गये. 293 सीटों में से 176 पर जीत का अंतर 30 हजार से कम और 117 सीटों पर 30 हजार से अधिक दर्ज किया गया.

 

30 हजार से कम मार्जिन पर जीत वाली 176 सीटों में भाजपा ने 128 सीटें जीती है. 30 हजार से ज्यादा मार्जिन पर जीत वाली 117 सीटों में भाजपा की 79 सीटें है.  टीएमसी की बात करें तो  उसका 44 सीटों पर जीत का मार्जिन 30 हजार से कम और 36 सीटों पर 30 हजार से ज्यादा है. 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही