- रूस में फंसे युवक की सरकार से वतन वापसी की गुहार
Lagatar Desk : बिहार में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है. पश्चिम चंपारण में एक एजेंट ने चार युवकों से रूस में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपये ठग लिए. मॉस्को पहुंचने पर जब इन युवकों को कोई काम नहीं मिला, तो तीन युवक किसी तरह पैसे मंगवाकर घर लौट आए. लेकिन एक युवक अब भी वहीं फंसा हुआ है. परिजनों ने बिहार सरकार से युवक की सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के मंगरहरी बैरिया गांव के एजेंट मुन्ना महतो पर आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द के चार युवकों को रूस में सिलाई का काम दिलाने का झांसा दिया था. एजेंट ने रंजीत महतो, इमाम हुसैन, सयामुल हक और राकेश कुमार से वादा किया था कि उन्हें तीन साल के लिए 60 से 70 हजार रुपये महीने की नौकरी मिलेगी.
आरोप है कि इसके बदले उसने हर युवक से 1 लाख 60 हजार रुपये लिए और 40-40 हजार रुपये साथ रखने को कहा. चारों युवकों ने कर्ज लेकर जैसे-तैसे पैसे जुटाए. एजेंट ने चालाकी दिखाई और उन्हें 'वर्क वीजा' की जगह 'टूरिस्ट वीजा' थमा दिया. उसने भरोसा दिलाया कि मॉस्को पहुंचने पर कंपनी का आदमी वीजा ठीक करा देगा.
मॉस्को एयरपोर्ट पर भटकते रहे युवक
25 जुलाई को चारों युवक दिल्ली से मॉस्को पहुंचे. लेकिन एयरपोर्ट पर उन्हें लेने कोई नहीं आया. करीब छह घंटे तक भूखे-प्यासे इंतजार करने के बाद जब उन्होंने एजेंट से संपर्क किया, तो उसने एक टैक्सी भेजी. आरोप है कि टैक्सी ड्राइवर ने भी उनसे 10 हजार रुपये ऐंठ लिए और उन्हें वापस एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया.
कर्ज के बोझ से डरा सयामुल, लौटने से किया इनकार
पैसे खत्म होने और कोई मदद न मिलने पर रंजीत, इमाम और राकेश ने अपने घरवालों से पैसे मंगवाए और भारत लौट आए. लेकिन सयामुल हक कर्ज का और बोझ बढ़ने के डर से वापस नहीं लौटा. परिजनों ने राज्य सरकार से बेटे की वतन वापसी की गुहार लगाई है. साथ ही सयामुल की सलामती की दुआ कर रहे हैं.
भारत लौटे तीनों पीड़ित युवकों ने शिकारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराकर एजेंट पर सख्त कार्रवाई करने और उनके पैसे वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.