Search

 
 
 

West Singhbhum News: मनोहरपुर की पहाड़ी नदी में 3 लोग बहे, दो शव बरामद

West Singhbhum News: मृतकों की पहचान बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू के पिता बासेन सिद्धू और माता प्यारी सिद्धू के रूप में हुई है. सोमवार को छोटानागरा थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
 
गांव के ग्रामीण

Chakradharpur (Shambhu Kumar): पश्चिमी सिंहभूम जिला की मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा पंचायत अंतर्गत बहदा गांव में बीते रविवार की शाम पहाड़ी नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहे तीन लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं. इसमें एक का शव रविवार रात बरामद किया गया था. जबकि एक का शव सोमवार को बरामद किया गया.


मृतकों की पहचान बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू के पिता बासेन सिद्धू और माता प्यारी सिद्धू के रूप में हुई है. सोमवार को छोटानागरा थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. 


घटना की सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, प्रखंड प्रमुख गुरुवारी देवगम समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि बहदा गांव पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक तीनों लोग बहदा गांव से लौटने के दौरान नदी पार कर रहे थे. बताया गया कि गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसकी सूचना पर आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए बहदा पहुंचे थे.

अंतिम संस्कार के बाद मुंडा रोया सिद्धू के पिता बासेन सिद्धू, माता प्यारी सिद्धू, रिश्तेदार सुनीता सिद्धू, सोमवारी सिद्धू समेत करीब छह लोग नदी पार कर ईसापी गांव की ओर जा रहे थे.


इसी दौरान नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया. तेज धार की चपेट में आने से बासेन सिद्धू, प्यारी सिद्धू और सुनीता सिद्धू नदी में बह गए. स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई, जिसमें बासेन और प्यारी के शव बरामद कर लिए गए. वहीं सुनीता सिद्धू का अब तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही