Search

 
 
 

West Singhbhum News  : नदी में डूब रहे दो बेटों को बचाने में पिता की गई जान, बच्चे सुरक्षित

गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता ने अपने दोनों बेटों की जान बचाकर खुद की जिंदगी गंवा दी
 

West Singhbhum : गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हादसे में पिता ने अपने दोनों बेटों की जान बचाकर खुद की जिंदगी गंवा दी. लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में नहाने गए थे. इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे.

 

बच्चों को डूबता देख दामु हेंब्रम ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी. उन्होंने काफी मशक्कत के बाद दोनों बेटों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया. हालांकि, बच्चों को बचाने के बाद वह खुद गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए.

 

मौके पर मौजूद लोगों ने दामु हेंब्रम को नदी से बाहर निकाला और इलाज के लिए गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है.

 

बताया जाता है कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में काम करते थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. अपने दोनों बेटों को बचाने के दौरान उनकी मौत की खबर से लोहार बस्ती समेत पूरे गुवा क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग दामु हेंब्रम के साहस और बलिदान को याद कर रहे हैं.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही