Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

आपके जिले रामगढ़ में दिनभर क्या हुआ, पढ़ें 6 अहम खबरें

पहली खबर 

उपविकास आयुक्त ने की नीति आयोग की समीक्षा बैठक

Ramgarh: गुरुवार को नीति आयोग की समीक्षा बैठक समाहरणालय बी ब्लॉक के सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में की गई. नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलों के लिए जारी किए जाने वाले डेल्टा रैंकिंग में रामगढ़ जिले के रैंक में काफी सुधार हुआ हैं. जनवरी माह में रामगढ़ का डेल्टा रैंकिंग 111 था, और फरवरी माह में 8 रहा, जिसे लेकर समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त के द्वारा सभी विभागों के सम्बंधित अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया गया. साथ ही उन्होंने नीति आयोग के सभी सूचकांकों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए. बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपस में समन्वय कर ससमय आकांक्षी जिला कोषांग को जानकारियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. दूसरी खबर  

धनंजय कुमार पुटूस बने अखिल भारतीय मजदूर संगठन के रामगढ़ जिला अध्यक्ष

रामगढ़ः अखिल भारतीय मजदूर संगठन की बैठक अरगड्डा स्थित पंचायत सचिवालय में  हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता विवेक बाल्मीकि एवं संचालन मनीष कुमार व अमितेश बाल्मीकि ने की. बैठक में सर्वसम्मति से रामगढ़ विधानसभा से विधायक का चुनाव लड़ चुके धनंजय कुमार पुटूस को जिला अध्यक्ष बनाया गया. प्रदेश अध्यक्ष विवेक बाल्मीकि के उपस्थित में राष्ट्रीय सचिव मुकेश बागड़ी द्वारा धनंजय कुमार पुटूस के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन द्वारा राज्य में मजदूरों के हित मे कार्य किये जा रहे हैं, व रामगढ़ जिले में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से धनंजय को जिला अध्यक्ष बनाया गया है. नव नियुक्त जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकार के लिए हमेशा आवाज उठाया जाएगा एवं मजदूरों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ पूरे जिला में रणनीति बना कर मजदूरों को उनका हक दिलाया जाएगा. तीसरी खबर 

झामुमो नेता योगेंद्र यादव ने सहायक विद्युत अभियन्ता को सौंपा पत्र 

रामगढ़ः सुरक्षा की मांग को लेकर झामुमो नेता ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को पत्र सौंपा है. पत्र में योगेंद्र यादव ने कहा है की पतरातू प्रखंड के किनी ग्राउंड के नजदीक से बीचो-बीच 11000 वोल्ट का तार गुजरा है. जिसके कारण बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. इस ग्राउंड में सैकड़ों लोग प्रतिदिन व्यायाम, खेलकूद करते हैं. साथ ही इस मैदान में हर वर्ष सोहराय डायर जतरा मेला का आयोजन हजारों लोगों की उपस्थिति में किया जाता है. लेकिन उक्त 11000 वोल्ट के तार के कारण लोगों में हमेशा दहशत का माहौल बना रहता है. इस गांव के लिए मात्र यही ग्राउंड है. उन्होंने सुरक्षा को देखते हुए 11000 वोल्ट के तार को साइड से ले जाने की मांग की है, ताकि डर का माहौल खत्म हो सके. चौथी खबर 

भगवान शंकर और मां सती के बलिदान के रूप में भी हम लोग मंडा पर्व मनाते हैं - पंकज महतो 

रामगढ़ः मंडा पूजा समिति ग्राम दोहाकातू द्वारा आयोजित पूजा के शुभ अवसर पर नागपुरी आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसके मुख्य अतिथि किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संयोजक पंकज महतो थे. मौके पर पंकज ने कहा कि इस तरह के नागपुरी कार्यक्रम से झारखंड़ी संस्कृति को बढ़ावा मिलता है. साथ ही साथ मेले का आयोजन से लोगों में आपसी प्रेम एकजुटता बढ़ती है. मंडा पर्व भगवान शंकर और मां सती के बलिदान के रूप में भी हम लोग मंडा पर्व मनाते हैं. मंडा पर्व को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित है. नागवंशी महाराजाओं ने मंडा पर्व की शुरुआत की थी. पंकज महतो ने कहा जिस प्रकार एकजुटता के साथ इस कार्यक्रम को देखने के लिए पहुंचे हैं उसी एकजुटता के साथ आने वाले दिन में अपने जल, जंगल और जमीन को लेकर आंदोलन के लिए तैयार रहने की जरूरत है. पांचवी खबर 

संग्रहालय केवल कलाकृतियों और इतिहास का भंडार नहीं है बल्कि शिक्षा, जागरूकता और प्रेरणा के लिए शक्तिशाली उपकरण के रूप में भी काम करता हैं - फैयाज अहमद 

रामगढ़ः संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जरीना खातून संग्रहालय सह शोध केंद्र को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो 2023 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है. संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 18 मई से 20 मई 2023 तक प्रगति मैदान दिल्ली में होना है, यह कार्यक्रम संग्रहालय के क्षेत्र में ज्ञान, विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञों और संग्रहालय विदों को एक साथ लाएगा. संग्रहालय अध्ययन में दशकों के अनुभव के साथ जरीना खातून संग्रहालय सह शोध केंद्र के निदेशक फैयाज अहमद को क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने और हमारे राज्य की समृद्धि सांस्कृतिक विरासत और विविधता को प्रदर्शित करने के लिए चुना गया है उनकी भागीदारी के माध्यम से भविष्य की पीढ़ियों के लिए हमारे सांस्कृतिक खजाने को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के महत्व को उजागर करने की उम्मीद है संग्रहालय के निदेशक अहमद ने कहा कि मैं इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किए जाने से सम्मानित और उत्साहित हूं. संग्रहालय केवल कलाकृतियों और इतिहास का भंडार नहीं है बल्कि शिक्षा, जागरूकता और प्रेरणा के लिए शक्तिशाली उपकरण के रूप में भी काम करता हैं. छठी खबर

रामगढ़ जिला युवा कांग्रेस ने यंग इंडिया बोल सीजन 3 को लेकर की बैठक

रामगढ़ः गोला मुख्यालय स्थित कांग्रेस जिला युवा अध्यक्ष अजित करमाली ने युवा कांग्रेसियों ने यंग इंडिया बोल के तहत एक बैठक की गई. जिसकी अध्यक्षता अजित करमाली के द्वारा किया गया. यंग इंडिया सीजन 3 कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओ को कई आवश्यक जानकारी व सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि यंग इंडिया के बोल कांग्रेस के भारतीय कांग्रेस प्रभारी कृष्णा आलवार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास वीबी के द्वारा शुरू किया गया है. यह कार्यक्रम भारतीय युवा कांग्रेस का एक अच्छा प्लेटफॉर्म है. जिसके तहत आम और सामान्य पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली युवाओं को राजनीतिक मंच मुहैया कराया जाता है. इसके माध्यम से युवा राजनीतिक क्षेत्र मे आगे बढने का काम करते हैं.इसके बाद युवाओं को इस कार्यक्रम के तहत बोलने का मंच प्रदान किया जाता है. जिसके तहत आम और सामान्य युवाओं को राजनीतिक से जोड़कर सहभागी लोकतंत्र को मजबूत बनाना उद्देश्य है. इन मुद्दों को इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को आवाज देने व बोलने की आजादी दी जाती है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही