Search

 
 
 

जब हाथी बाजार से निकलता तो ... का भौंकना आम है : डॉ इरफान अंसारी

 
Ranchi :  राज्य के हेल्थ मिनिस्टर डॉ इरफान अंसारी ने एक बार फिर से भाजपा को निशाने पर लिया है. कहा है कि 18 साल की लूट खत्म, अब सिस्टम को इलाज मिलेगा. स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार मुक्त होगा. अब लूट नहीं, सुधार होगा. डॉ इरफान ने कहा कि जब हाथी बाजार से निकलता है तो कुत्तों का भौंकना आम है. लेकिन हाथी रुकता नहीं है. सरकारी कर्मियों की कोई जाति नहीं होती सिर्फ कर्तव्य होता है. ईमानदारी हमने राहुल गांधी से सीखी है और हिम्मत हमें हेमंत सोरेन से मिली है. अब झारखंड को लूटने का सपना छोड़ दीजिए. स्वास्थ्य विभाग अब नहीं रहेगा किसी का चारागाह उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि एक बात बिलकुल साफ कर देना चाहता हूं, झारखंड का स्वास्थ्य विभाग अब किसी का चारागाह नहीं रहेगा और न ही खाद्य आपूर्ति विभाग या आपदा प्रबंधन. अब जो काम करेगा, वो रहेगा. जो कामचोर और भ्रष्ट है, वह बाहर जायेगा. ये विभाग अब काम के नाम पर आरामगाह नहीं बने रहेंगे. भाई साहब, व्यवस्थाएं यूं ही नहीं बदलतीं मंत्री ने आगे कहा कि भाई साहब, व्यवस्थाएं यूं ही नहीं बदलतीं. कुछ कड़े फैसले लेने पड़ते हैं और मैं वो फैसले लेने के लिए तैयार हूं. भाजपा ने 18 सालों तक स्वास्थ्य विभाग को ऐसा लूटा जैसे ये कोई खान हो, लेकिन अब खनन बंद हो गया है. अब वक्त सिस्टम और माफियाओं के इलाज का है. जनता के प्रति स्वास्थ्य विभाग में हर यूनिट, हर विंग एक कमिटमेंट है. यहां कोई भी सुस्ती, ढील या दलाली अब नहीं चलेगी. अबकी बार, सुधर जाइए, नहीं तो पर्दा उठेगा और किरदार सामने आयेगा जो अफसर काम में टांग अड़ाते हैं या बाहर से उंगली पकड़कर किसी को खींचने की कोशिश करते हैं, उनसे बस यही कहूंगा, अबकी बार, सुधर जाइए, नहीं तो पर्दा उठेगा और किरदार सामने आयेगा. नेताओं के बीच कुछ ऐसे भी हैं, जो हर जगह करप्शन ही सूंघते हैं, जैसे गाड़ी में पेट्रोल की जगह बासी घी डाल दिया हो. अरे भाई, थोड़ा जनता के काम पर भी ध्यान दे लिया कीजिए. अगर धैर्य नहीं है, तो राजनीति से संन्यास लेने पर कीजिए विचार  हेमंत सरकार हाथी है और हम झारखंड के लोगों की उम्मीद हैं और याद रखिए, "हेमंत है तो हिम्मत है" कुछ बुजुर्ग नेता आदरणीय बाबूलाल जी और सरयू राय जी, जिनका हम सम्मान करते हैं, उनसे भी मैं कहना चाहता हूं, अब एआई का जमाना है, आप लोग अब भी रेडियो की तरह पुराने ख्याल में फंसे हैं. जरा धैर्य रखिए, मेडिकल व्यवस्था सुधारने में वक्त लगेगा. कोई जादू की छड़ी नहीं है हमारे पास. अगर धैर्य नहीं है, तो अब राजनीति से संन्यास लेने पर विचार कीजिए, क्योंकि नेताओं को मार्गदर्शक बनना चाहिए, मलबा नहीं. सावधान, अब हम एक्स-रे से सब कुछ देख सकते अब न किसी को लूटने दिया जायेगा, न घुसपैठ की इजाजत मिलेगी और जो भी करप्शन को ढाल बनाकर छिपना चाहता है, उससे बस यही कहना है, "सावधान, अब हम सब कुछ एक्स-रे से देख सकते हैं! स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, टेक्नोलॉजी का समावेश, सही डायग्नोस्टिक्स, आधुनिक लैब्स और स्टाफ का प्रशिक्षण. ये सब सिर्फ बातें नहीं, ये मेरी प्रतिबद्धता है और मैं इसे निभाकर दिखाऊंगा. झारखंड अब बदलेगा. और जो बदलाव से डरता है, वो किनारे हो जाये. सरकार ने मुंबई में मंदिर पर बुलडोजर चलवा दिया इरफान ने कहा कि 90 साल पुराने पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पर बीजेपी की सरकार ने बुलडोजर चलवाया है. इस घटना ने जैन समाज सहित पूरे देश को आहत किया है, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं. बीजेपी की मंदिरों के प्रति नफरत वक्त-वक्त पर सामने आती रहती है, इससे पहले स्मार्ट सिटी के नाम पर बनारस में सैकड़ों मंदिरों को ध्वस्त किया गया. भगवान की मूर्तियों को खंडित किया गया. बीजेपी और उसके नेता अहंकार के मद में इस कदर चूर हैं कि लोगों की आस्था की उन्हें जरा भी परवाह नहीं है. इन्हें सिर्फ अपने और अपने मित्रों के फायदे की पड़ी है. बीजेपी के इस पाप का कोई प्रायश्चित नहीं है.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही