- ओड़िसा के टोल प्लाजा का वीडियो हुआ वायरल.
- गाड़ी में थे पांच लोग, MLA की पहचान नहीं दिखा पाए.
- यूपीआई के जरिए दिया टोल, फिर गाड़ी बढ़ी आगे.
Ranchi (Hazaribagh MLA vehicle Odisha) : झारखंड में एक विधायक हैं प्रदीप प्रसाद. वह हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं. उनके पास कई गाड़ियां हैं, जिनमें से एक फॉर्च्यूनर है. गाड़ी का नंबर है, JH-02BV-3200. दो दिन पहले इस गाड़ी पर सवार पांच लोग ओड़िसा में टोल प्लाजा पर बदमाशी कर रहे थे.
गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा था और आगे में नंबर प्लेट के ठीक नीचे हजारीबाग विधायक का बोर्ड भी. लगा था. वैसे ऐसा किया जाना आपराधिक है. प्रदीप प्रसाद भाजपा के वही विधायक हैं, जो जमीन घोटाले को लेकर एसीबी में दर्ज प्राथमिकी में अभियुक्त हैं.

गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे तीन लोग, जिनमें से एक के बारे में टोलकर्मी कह रहे हैं बदतमीजी मत कीजिए.
विधायक की गाड़ी पर सवार लोगों ने कुछ ऐसा किया कि ओड़िसा के एक टोल प्लाजा पर थोड़ी देर के लिए गहमा-गहमी बढ़ गई. इससे संबंधित दो वीडियो वायरल है. वायरल वीडियो से यह समझ बन रही है कि गाड़ी पर सवार लोगों ने टोल प्लाजा कर्मियों पर विधायक होने या विधायक की गाड़ी होने का धौंस दिखाया. साथ ही टोल देने से इंकार किया.
गाड़ी पर सवार लोगों ने जब विधायक की गाड़ी होने की बात की तब टोल कर्मियों ने वीडियो बनाना शुरु कर दिया. साथ ही पहचान पत्र की मांग की. लेकिन गाड़ी पर सवार लोगों ने पहचान पत्र नहीं दिखाया. क्योंकि गाड़ी पर विधायक थे ही नहीं. जिसके बाद टोलकर्मियों ने सभी को रोक लिया. इस दौरान टोलकर्मी यह बोल रहे हैं कि बदतमीजी मत करिये. इससे यह पता चलता है कि विधायक के लोगों ने धौंस दिखाया होगा.

हजारीबाग विधायक का बोर्ड लगी गाड़ी का चालक.
बिना टोल टैक्स दिए गाड़ी को पार करने को लेकर टोलकर्मी अड़ गए. साथ ही वीडियो बनाकर वायरल कर डाली. हालांकि वीडियो के अंत में विधायक की गाड़ी पर सवार लोगों ने यूपीआई के जरिए टोल टैक्स का भुगतान किया. टोल टैक्स के भुगतान के दौरान चालक की सीट पर बैठा व्यक्ति यह सफाई दे रहा है कि बदतमीजी कहां किसी ने की है.
यह कानूनन अपराध है
विधायक का बोर्ड लगी गाड़ी, जिसमें विधायक खुद बैठे ना हो, उसका इस्तेमाल करना अपराध है. मोटर वाहन अधिनियम के तहत तो अपराध बनता ही है, बीएनएस की धाराओं के तहत भी आपराधिक मामला बनता है. मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 व 182 के तहत कार्रवाई हो सकती है.
इसके साथ ही बीएनएस की धारा 204 व 319 के तहत भी विधायक का बोर्ड लगे वाहन का इस्तेमाल करना अपराधिक है. इसमें तीन साल की सजा और गाड़ी जब्त किए जाने का प्रावधान है.
विधायक का बोर्ड लगा गाड़ी का इस्तेमाल करने को लेकर विधि विशेषज्ञ बताते हैं कि ऐसा करना तीन तरह का अपराध करना है. पहला विधायक का बोर्ड लगा कर अनधिकृत चलना. यह फर्जीवाड़ी का मामला है. इसमें बीएनएस की धारा 204, यानी लोक सेवक का रूप धारण करना, किसी पद का झूठा दावा करके फायदा उठाने का अपराध किया गया है. इसमें छह माह से तीन साल तक की जेल व जुर्माना की सजा हो सकती है. दूसरा, बीएनएस 319, यानी टोल या पुलिस को धोखा देकर बचने का अपराध करना. और तीसरा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 व 182A के तहत गलत बोर्ड लगाना. इसके तहत जुर्माना व गाड़ी जब्ती की कार्रवाई हो सकती है.