Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा भगत मामले की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की है. इसके बावजूद भाजपा का आंदोलन जारी है. भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव का कहना है कि केवल जांच की घोषणा से न्याय सुनिश्चित नहीं हो जाता. जब तक कार्रवाई शुरू नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.
समीर उरांव ने कहा कि निशा के पिता की ओर से दर्ज प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम दिए गए हैं, उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए. इसके अलावा मामले में पर्दे के पीछे शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए. जांच केवल नामजद आरोपितों तक सीमित न रहे.
पीड़ित परिवार को 10 करोड़ मुआवजा देने की मांग
भाजपा ने पीड़ित परिवार को 10 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी रखी है. समीर उरांव के मुताबिक, परिवार को न्याय दिलाने के लिए गिरफ्तारी, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मुआवजा जरूरी है. इन मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
महिला आयोग की अध्यक्ष को समय नहीं देने पर भाजपा ने उठाए सवाल
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड दौरे के दौरान पुलिस के अधिकारियों के नहीं मिलने की बात कही थी. पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को समय नहीं दिए जाने को संवैधानिक संस्था का अपमान बताया है. भाजपा का आरोप है कि महिलाओं की सुरक्षा और एक गंभीर मामले की जांच से जुड़े सवालों पर आयोग की अध्यक्ष को अधिकारियों से मिलने का समय तक नहीं दिया गया.
सीबीआई जांच की मांग से शुरू हुआ था भाजपा का आंदोलन
निशा भगत की छह नवंबर को मौत हुई थी. इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर उत्पीड़न और जमीन से जुड़े मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने की बात कही थी. उनके पिता हंदु भगत की शिकायत पर अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी. पीठोरिया थाना प्रभारी को भी लाइन हाजिर किया गया.
निशा की मौत के बाद भाजपा ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था. पार्टी ने दक्षिण छोटानागपुर के विभिन्न संगठनात्मक जिलों में मशाल जुलूस निकाला है. सरकार ने इस घटना की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की है. इसके बाद भी भाजपा ने आरोपियों की गिरफ्तारी, अन्य संलिप्त लोगों की पहचान और मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.