Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब फॉरेस्ट एरिया के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, जंगल के पास कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. खेल के दौरान गेंद जंगल की ओर चली गई. जब बच्चे गेंद खोजते हुए अंदर पहुंचे तो उन्होंने एक महिला का शव पेड़ से लटका देखा. यह देखकर बच्चे घबरा गए और तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
इसे भी पढ़ें:
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि महिला जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. इसके अलावा आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि महिला की पहचान और घटना की सच्चाई सामने आ सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

