Capetown : दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी के बाद ऋचा घोष (नाबाद 44) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (33) के बीच चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी से भारत ने महिला टी20 विश्व कप ग्रुप बी के मैच में बुधवार को यहां वेस्टइंडीज को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. भारत ने अपने शुरुआती मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था. वेस्टइंडीज की टीम की इस प्रारूप में यह लगातार 13वीं हार है. यह भारत की इस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत है. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सेमीफाइनल के करीब पहुंच गई है. भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को इंग्लैंड से होगा.
वेस्टइंडीज की टीम छह विकेट पर 118 रन ही बना सकी
दीप्ति ने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाये जिससे वेस्टइंडीज की टीम छह विकेट पर 118 रन ही बना सकी. भारत ने 18.1 ओवर में चार विकेट गंवा कर जीत दर्ज कर ली. हरमनप्रीत ने 42 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये, जबकि विजयी चौका जड़ने वाली ऋचा ने 32 गेंद की अपनी नाबाद पारी पांच बार गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा.
100 विकेट लेने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर बनीं दीप्ति
इससे पहले स्टेफनी टेलर (42 रन) और शेमैन कैंपबेल (30 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी कर मैच में वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था. लेकिन दीप्ति ने एक ही ओवर में दोनों को चलता कर भारत की वापसी करा दी. दीप्ति इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट लेने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर बनी. भारत के लिए रेणुका सिंह (चार ओवर में 22 रन) और पूजा वस्त्राकर (चार ओवर में 21 रन) ने भी एक-एक विकेट लिये.
शैफाली का अहम विकेट चटकाया
लक्ष्य का पीछा करते हुए शैफाली वर्मा (28 रन) और स्मृति मंधाना (10 रन) ने शुरुआती दो ओवरों में 28 रन जोड़कर टीम को आक्रामक शुरुआत दिलायी. शैफाली ने शमेला कॉनेल के पहले ओवर में तीन चौके लगाये तो वही स्मृति ने शिनेल हेनरी की खिलाफ लगातार दो चौके जड़े. मैथ्यूज और करिश्मा रामहरख (14 रन पर दो विकेट) ने अगले छह ओवर में रनों पर अंकुश लगाने के साथ नौ रन के अंदर तीन अहम विकेट चटकाये. करिश्मा ने चौथे ओवर में स्मृति को स्टंप कराकर वेस्टइंडीज को पहली सफलता दिलाई, तो वही मैथ्यूज ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद अर्धशतक लगाने वाली जेमिमा रोड्रिग्स (एक रन) का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर भारत को दूसरा झटका दिया. करिश्मा ने पारी के आठवें ओवर शैफाली का अहम विकेट चटकाया. शैफाली के हवाई स्वीप शॉट को एफी फ्लेचर ने लपकने में कोई गलती नहीं की. उन्होंने 23 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये.
ऋचा ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलायी
अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए आयी फ्लेचर के खिलाफ हरमनप्रीत ने लगातार दो चौके जड़े. इस ओवर से 16 रन बने और भारतीय बल्लेबाजों से दबाव काफी हद तक कम हुआ. दोनों इसके बाद दौड़कर रन चुराने के साथ बीच-बीच में गेंद को सीमा रेखा के पार भेजना जारी रखा. पारी के 17वें ओवर में भारत को जीत के लिए चार रन की जरूरत थी, जब हरमनप्रीत बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में हेनरी की गेंद पर कैंपबेल को कैच थमा बैठी. अगले ओवर की पहली गेंद पर ऋचा ने चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी.
इसे भी पढ़ें – भाकपा">https://lagatar.in/cpi-maoists-issued-a-release-and-said-gautam-adani-should-be-arrested/">भाकपा
माओवादियों ने विज्ञप्ति जारी कर कहा- गौतम अडाणी की हो गिरफ्तारी [wpse_comments_template]
माओवादियों ने विज्ञप्ति जारी कर कहा- गौतम अडाणी की हो गिरफ्तारी [wpse_comments_template]

Leave a Comment