Search

 
 
 

Dhanbad News: जल संरक्षण को लेकर कार्यशाला का आयोजन

केंद्र सरकार के कैच द रेन अभियान के तहत सोमवार को शहर के बेकारबांध स्थित जीवन ज्योति स्कूल में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया.
 
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad: केंद्र सरकार के कैच द रेन अभियान के तहत सोमवार को शहर के बेकारबांध स्थित जीवन ज्योति स्कूल में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया.

Uploaded Image

कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष गंगवार, वाटर एक्टिविस्ट एकलव्य प्रसाद, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए. कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.

इसे भी पढ़ें: 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि कोयलांचल धनबाद में स्वच्छ जल का संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है. उन्होंने कहा कि पानी बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है.

 

यदि आज जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में जल संकट और भी गंभीर हो सकता है. उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों को अपनाने और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया.

 

वाटर एक्टिविस्ट एकलव्य प्रसाद ने विद्यार्थियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग की उपयोगिता और इसकी विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जहां भी पानी की अनावश्यक बर्बादी दिखाई दे, उसे रोकने का प्रयास करना चाहिए.

 

साथ ही प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधारोपण करने और घर, स्कूल तथा सार्वजनिक स्थानों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना, आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है.

 

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपने दैनिक जीवन में वर्षा जल संचयन एवं पानी के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लिया.

 

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें जल संरक्षण का सशक्त संदेशवाहक बनाना था.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही