LagatarDesk : वसंत पंचमी का त्योहार माघ मास के शुक्ल पक्ष की पचंमी तिथि को मनाया जाता है. इस साल वसंत पंचमी का त्योहार 26 जनवरी गुरुवार को मनाया जायेगा. वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा की जाती है. मां सरस्वती को ज्ञान, संगीत, कला, विज्ञान और शिल्प-कला की की देवी भी माना जाता है. इस दिन को श्री पंचमी और सरस्वती पूजा के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है. कहा जाता है कि इस दिन लोग ज्ञान प्राप्ति के लिए देवी सरस्वती की उपासना करते हैं.
सरस्वती पूजा का शुभ मुहुर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, पंचमी तिथि 25 जनवरी को दोपहर 12.34 मिनट से शुरू हो रही है और यह अगले दिन 26 जनवरी को दोपहर 12.35 मिनट तक चलेगी. ऐसे में 26 जनवरी को वसंत पंचमी की उदयतिथि होगी. इसलिए इस बार 26 जनवरी को यह त्योहार मनाया जायेगा. सरस्वती मां की पूजा का मुहुर्त सुबह 7 बजकर 7 मिनट से 10 बजकर 28 मिनट तक रहेगा. मां सरस्वती को पीला रंग काफी पसंद है. इसलिए इस दिन सुबह उठकर स्नान करें और पीले वस्त्र धारण करें. इसके बाद विधि विधान के साथ मां सरस्वती की पूजा करें. मां को भी पीले रंग का वस्त्र, पीले पुष्प, गुलाल, अक्षत, धूप, दीप, गंध आदि अर्पित करें.वसंत पंचमी का महत्व
मां सरस्वती कमल पर विराजमान होती है. मां के एक हाथ में वीणा और दूसरे हाथ में किताब रहता है. वसंत पंचमी को श्रीपंचमी, ज्ञान पंचमी और मधुमास के नाम से भी जाना जाता है. कहा जाता है कि इस दिन से वसंत ऋतु का आगमन हो जाता है. इस दिन संगीत और ज्ञान की देवी की पूजा की जाती है. इस दिन किसी मांगलिक कार्य की शुरुआत करना भी काफी शुभ माना जाता है.वसंत पचंमी के दिन करें कुछ खास उपाय
- ज्योतिष शास्त्रों के मुताबिक, वसंत पंचमी के दिन कुछ खास उपाय करने से ज्ञान की प्राप्ति होती है. आइये जानते हैं वसंत पचंमी के कुछ खास उपायों के बारे में-
- वसंत पंचमी के दिन सुबह उठकर हाथों की हथेलियां देखनी चाहिए. कहते हैं कि इंसान की हथेली में मां सरस्वती का वास होता है.
- इस दिन गृह प्रवेश, नयी नौकरी, पूजा पाठ, मुंडन या कोई भी नया कार्य करना शुभ रहता है.
- अगर आप छात्र हैं और आपका मन पढ़ाई-लिखाई में नहीं लगता तो वसंत पचंमी के दिन से ही पूर्व या उत्तर पूर्वोत्तर दिशा में पढ़ाई करना शुरू कर दें. इस दिशा में बैठकर पढ़ाई करने से ध्यान एक जगह पर केंद्रित होता है.
- जिन छात्रों को पढ़ाई में किसी भी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें वसंत पंचमी के दिन ‘ॐ ऐं सरस्वत्यै ऐं नमः’ मंत्र का जाप जरूर करना चाहिए.
- वसंत पंचमी के दिन 2 से लेकर 10 साल तक की कन्याओं को पीले और मीठे चावल खिलाने चाहिए और उनकी पूजा भी करनी चाहिए.
- इस दिन कुंवारी कन्याओं को पीले रंग के वस्त्र और आभूषण का दान करना भी काफी शुभ माना जाता है.
Leave a Comment