- मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला निवासी रौशन कुमार के रुप में हुई है.
Deoghar News: देवघर में एक युवक की हत्या गोली मारकर कर दी गई. घटना सोमवार की देर रात नगर थाना क्षेत्र के रंगा मोड़ के पास हुई. मृत युवक का नाम रौशन कुमार है. वह बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के गोडियारी गांव का रहने वाला था.
पुलिस ने बताया कि रौशन कुमार को किसी ने गोली मार दी थी. सोमवार की रात एक व्यक्ति ने घायल रौशन देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि युवक ने सदर अस्पताल के डॉक्टरों को बताया कि वह दुर्घटना में घायल हुआ है.
सदर अस्पताल में प्रारंभिक जांच में ही यह पता चल गया कि रौशन कुमार को गोली लगी है. उसके सिर व आंख के पास गोली लगी है. इसके बाद अस्पताल के कर्मियों ने उसे लेकर आने वाले युवक को रोक लिया. हालांकि वह चकमा देकर भाग निकला.
अस्पताल के डॉक्टर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस रौशन को अस्पताल लाने वाले युवक और बुल्लेट के बारे में पता कर रही है. रौशन की मौत के बारे में उसके परिवार को सूचना दे दी गई है. परिवार के लोगों से बात करने के बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा.