- नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
Ranchi News : युवा कांग्रेस ने आज Better Cities Campaign का शुभारंभ किया गया. इस अभियान के तहत ‘मेरा शहर, मेरा हक’ के माध्यम से शहर में नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की निगरानी की जाएगी. अभियान के जरिए जनता की समस्याओं को सामने लाने के साथ उनके समाधान के लिए आवाज उठाई जाएगी.
प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि नगर निगम की सुविधाओं का लाभ आम लोगों को सही तरीके से मिल रहा है या नहीं. उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल समेत अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस जनता के बीच जाकर स्थिति की जानकारी लेगी.
उन्होंने सफाई कर्मियों की स्थिति को लेकर भी आवाज उठाने की बात कही. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके हितों और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. युवा कांग्रेस की ओर से सफाई कर्मियों के लिए लाइफ इंश्योरेंस की मांग उठाई जाएगी.
गौरव सिंह ने रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रांची में बीजेपी के महापौर हैं और ज्यादातर पार्षद भी बीजेपी से जुड़े हैं. इसके बावजूद शहर में अपेक्षित विकास और नागरिक सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम बेहतर तरीके से काम नहीं करता है तो युवा कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उसके खिलाफ आवाज उठाएगी.
प्रदेश अध्यक्ष ने रांची विधायक सीपी सिंह पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक केवल रांची में घूमते नजर आते हैं, लेकिन शहर की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित काम नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि जनता अब केवल दावों के बजाय जमीनी स्तर पर काम और जवाबदेही चाहती है.
युवा कांग्रेस ने कहा कि ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान के माध्यम से शहर की समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने उठाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

