Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. शुरुआती जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए वार के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.
परिजनों ने बताया कि विकास शनिवार रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था. मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा. परिवार के लोगों ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन नहीं लग पाया और उसका कोई सुराग नहीं मिला.
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने परिजनों को फोन कर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान विकास सिंह के रूप में हुई. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
विकास के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर हत्या का संदेह जताया है. उनका कहना है कि इलाके में ऐसी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास किसी आपराधिक घटना का शिकार हुआ हो. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.
फिलहाल उलीडीह पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के संबंध में और महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment