Bokaro News: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) बोकारो एवं करगली क्षेत्र द्वारा करगली गेस्ट हाउस में आयोजित मासिक सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में कुल 10 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया गया. इनमें लगभग 37 वर्षों की दीर्घ एवं समर्पित सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए एरिया अकाउंट ऑफिसर खुर्शीद अख्तर सहित अन्य कर्मी शामिल रहे. समारोह में उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबे सेवाकाल में अर्जित अनुभव किसी भी संस्थान की अमूल्य पूंजी है. उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए मानव संसाधन प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण एवं प्रभावी संवाद महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की.
उपायुक्त ने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान कर्मियों द्वारा संस्थान को दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उन्होंने कहा कि जहां भी कार्य करें, पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए.
वहीं, महाप्रबंधक संजय झा ने कहा कि अनुभवी एवं समर्पित कर्मियों के सेवानिवृत्त होने से संस्थान को उनकी कमी महसूस होगी. उनके अनुभव और योगदान की भरपाई आसान नहीं है. उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
मौके पर डीएमओ रवि कुमार, बीडीओ श्री मुकेश कुमार, सीओ संजीत कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित सीसीएल बी एंड के क्षेत्र के अधिकारी, कर्मी, यूनियन प्रतिनिधि एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन आदि उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

