Ranchi News : राज्य सरकार ने झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित नगरपालिका सेवा नियुक्ति परीक्षा रद्द नहीं किया है. सरकार ने इस परीक्षा को जांच के दायरे में भी शामिल नहीं किया है. हालांकि इस सेवा में भी अधिकारियों और नेताओं के करीबी को नियुक्त करने का आरोप लगा था.
JSSC ने झारखंड नगरपालिका सेवा में नियुक्ति के लिए विज्ञापन (7/2023) प्रकाशित किया था. इस विज्ञापन के माध्यम से कुल 921 पदों पर नियुक्ति हुई. इसमें सेनेटरी सुपरवाइजर के 645 पद, सेनेटरी एंड फुड इंस्पेक्टर के 24, राजस्व निरीक्षक के 184, विधि सहायक के 46, उद्यान अधीक्षक के 12 और पशु चिकित्सा पदाधिकारी के 10 पद शामिल थे.

सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टर/सेनेटरी सुपरवाइजर का रिजल्ट
नगरपालिका सेवा में हुई नियुक्तियों के दौरान भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे. इसमें राज्य के कुछ अधिकारियों के पारिवारिक सदस्यों, करीबी रिश्तेदारों के अलावा राजनीतिज्ञों से जुड़े लोगों की नियुक्ति किये जाने के आरोप लगे थे. इसमें सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर लगातार होने को गड़बड़ी के सबूत के तौर पर पेश किया जा रहा था. लेकिन नगर पालिका सेवा नियुक्ति में लगे आरोपों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई.
राज्य सरकार ने नियुक्ति घोटाले की CID जांच के दौरान मिले तथ्यों और गड़बड़ी के संदेह के आधार पर कुल 22 परीक्षाओं को रद्द किया है. छह की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है. साथ ही गड़बड़ी की आशंकाओं के मद्देनजर 17 नियुक्ति परीक्षाओं को जांच के दायरे में शामिल किया है. हालांकि सरकार द्वारा इस सिलसिले में जारी किसी भी आदेश में नगरपालिका नियुक्ति का उल्लेख नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

