Ranchi News: 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया.
संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने कहा कि 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों के अंदर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था. अब यह समय सीमा खत्म हो चुकी है, लेकिन मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे कर्मचारियों में नाराजगी है.
इसे भी पढ़ें:
सूरज साहू ने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारी दिन-रात गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल लोगों और अन्य जरूरतमंदों को अस्पताल पहुंचाने का काम करते हैं. इसके बावजूद वेतन, नौकरी की सुरक्षा और अन्य कानूनी अधिकारों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है.
संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का सरकारी स्तर पर संचालन शुरू करना और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान सिविल सर्जन के माध्यम से करना शामिल है. इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा नौकरी देने और सभी कर्मचारियों को EPF, ESI, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन सहित अन्य अधिकार देने की मांग की गई है.
संघ ने बताया कि 6 से 9 अक्टूबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. 9 अक्टूबर को शाम 4 से 7 बजे तक सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा.
12 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सिविल सर्जन कार्यालय के सामने भिक्षाटन कार्यक्रम होगा. 14 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. वहीं 16 अक्टूबर को राज्यभर में एक दिन की पूर्ण हड़ताल और नामकुम स्थित NHM कार्यालय के सामने महाधरना दिया जाएगा.
संघ के अनुसार, अगर 21 अक्टूबर तक मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी. संघ ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आपातकालीन सेवा को बाधित करना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर दिलाना है. संघ ने सरकार से जल्द वार्ता कर मांगों पर समयबद्ध और ठोस फैसला लेने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

