Ranchi News: झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है. झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) के आह्वान पर बुधवार को राज्य के सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक धरना-प्रदर्शन किया गया. संघ ने 16 अक्टूबर को राज्यव्यापी एकदिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है. संघ के अनुसार, कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह कदम उठाया जा रहा है.
संघ के प्रदेश महामंत्री सह रांची जिला अध्यक्ष सूरज साहू ने कहा कि कर्मचारियों का जुलाई 2026 से वेतन लंबित है. इसके अलावा मनमाने तरीके से वेतन कटौती, एम्बुलेंस की समय पर मरम्मत नहीं होने और सेवा से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली नहीं होने से कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें -
संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से कराने, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, बकाया वेतन का भुगतान और कर्मचारियों को सभी श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार देने की मांग शामिल है.
सूरज साहू ने बताया कि 16 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया गया था. हालांकि निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एम्बुलेंस सेवा के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिए जाने पर संघ ने आपत्ति जताई है. संघ का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था करना उनके हितों की अनदेखी है.
संघ ने बताया कि सम्मान फाउंडेशन कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर 16 अक्टूबर को प्रस्तावित राज्यव्यापी हड़ताल की सूचना दे दी गई है. संघ के मुताबिक, इस आंदोलन के तहत 15 अक्टूबर की रात 8 बजे से 17 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक राज्य में 108 एम्बुलेंस सेवा बाधित रहेगी.
संघ ने सरकार और संबंधित विभाग से अपील की है कि हड़ताल से पहले कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए. इसमें लंबित वेतन का भुगतान, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान शामिल है. संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उन्हें लागू किए जाने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

