Search

 
 
 

चिन्नास्वामी स्टेडियम की 11 कुर्सियां हमेशा रहेंगी खाली, भगदड़ के मृतकों को अनूठी श्रद्धांजलि

बेंगलुरु के एम चिन्नस्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले IPL और इंटरनेशनल मैचों में 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी. यह फैसला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA)  ने लिया है. स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर स्मारक पट्टिका (मेमोरियल प्लाक) लगाने और हर मैच से पहले एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा.
 

Lagatar Desk: बेंगलुरु के एम चिन्नस्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले IPL और इंटरनेशनल मैचों में 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी. यह फैसला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA)  ने लिया है. स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर स्मारक पट्टिका (मेमोरियल प्लाक) लगाने और हर मैच से पहले एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा. IPL मैच से पहले पीड़ितों के नाम स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे. 

 

पिछले साल एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए यह अनोखी पहल की गई है. बता दें, पिछले साल 4 जून को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी. 

 

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि इस दुखद घटना को याद करना भी पीड़ादायक है, काफी समय से स्मारक बनाने पर चर्चा चल रही थी. उन्होंने कहा कि 11 लोगों की याद को सम्मान देना जरूरी है, इसलिए स्मारक बनाने का फैसला लिया गया है. 

 

स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर लगने वाली स्मारक पट्टिका को इंग्लैंड के मशहूर हिल्सबरो मेमोरियल की तर्ज पर बनाया जा रहा है. हिल्सबरो मेमोरियल को लिवरपूल एफसी के 97 फैंस की याद में बनाया गया था. दरअसल, 15 अप्रैल 1989 को FA कप सेमीफाइनल के दौरान हिल्सबरो स्टेडियम में हुए हादसे में 97 फैन्स ने जान गंवाई थी.

 

भगदड़ के बाद गठित जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने इस स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके बाद यहां मैच कराने पर रोक लगा दी गई थी. इसके चलते ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले भी बेंगलुरु से हटाकर नवी मुंबई में किए गए थे. वहीं, घरेलू टी-20 लीग महाराजा टी-20 ट्रॉफी को भी बेंगलुरु की बजाय मैसूर में शिफ्ट किया गया था. 

 

हालांकि, पिछले सप्ताह स्टेडियम को दोबारा मैचों के आयोजन की मंजूरी दी गई है. कर्नाटक सरकार ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL 2026 के मैचों के आयोजन को मंजूरी दे दी है. यहां 28 मार्च को मेजबान RCB और SRH के बीच शुरुआती मैच खेला जाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही