Ranchi : मारवाड़ी कॉलेज के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में फैशन डिजाइनिंग विभाग के 11 विद्यार्थियों का चयन एफडी ट्रेनर (FD Trainer) के पद पर हुआ है. विद्यार्थियों का चयन झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी द्वारा मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्रों के लिए किया गया है.
चयनित विद्यार्थियों को मांडर, रांची, तेनुघाट, बेरमो, बोकारो, इचाक और हजारीबाग स्थित प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण देने का अवसर मिलेगा. कैंपस प्लेसमेंट के दौरान चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों की योग्यता, विषय-ज्ञान, तकनीकी कौशल और प्रशिक्षण देने की क्षमता का आकलन किया गया. सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 11 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया.

चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण आयोजित
चयनित विद्यार्थियों में कशिश कुमारी, सोनल राज, प्रेरणा वैभव, मोहम्मद कैफ, पूजा कुमारी, अदिति प्रकाश, सिमरन साहू, प्रीति कुमारी, प्रियंका कुमारी, देविका रानी और तन्वी राज शामिल हैं.इस उपलब्धि पर मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और रोजगार के अवसर भी विद्यार्थियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, कौशल और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
फैशन डिजाइनिंग विभाग की एचओडी डॉ. डेजी सिन्हा व किरण मैम ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि कॉलेज का प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट सेल की ओर से कॉलेज में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों के लिए जरूरी कौशल और व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है.
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थानों और कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं. प्लेसमेंट सेल प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है.

