Search

 
 
 

धनबाद : बिहार से आ रही बस से 1400 किलो मिलावटी पनीर व घी जब्त, बाजार में खपाने की थी तैयारी

जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बिहार से आ रही एक बस से करीब 1400 किलो संदिग्ध पनीर और घी के 6 टिन जब्त किए गए हैं.
 
  • फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई
  • बस से 1400 किलो मिलावटी पनीर व घी जब्त
  • धनबाद के बाजारों में खपाने की थी तैयारी
  • जब्त पनीर व घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए रांची

Dhanbad :   जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बिहार से आ रही एक बस से करीब 1400 किलो संदिग्ध पनीर और घी के 6 टिन जब्त किए गए हैं.

 

 

इस मिलावटी खाद्य सामग्री को धनबाद के विभिन्न बाजारों में खपाने की तैयारी थी. विभाग ने मौके पर ही जब्त पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल पाए गए. जब्त पनीर और घी के नमूनों को विस्तृत जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी, रांची भेजा गया है. 

 

Uploaded Image

 

Uploaded Image

 

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, फूड सेफ्टी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से आ रही एक बस में भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री लाई जा रही है. सूचना के आधार पर गुरुवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच पूजा टॉकीज इलाके में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने छापेमारी की.

 

इस दौरान बुंदेला एसी बस (नंबर BR 21P 3632) को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 1400 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और घी के 6 टिन बरामद किए गए.

 

फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान मौके पर ही जब्त पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल पाए गए.

 

Uploaded Image

 

Uploaded Image

रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कार्रवाई

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि पनीर मिलावटी और निम्न गुणवत्ता का था. आशंका जताई जा रही है कि इस पनीर को स्थानीय होटलों, मिठाई दुकानों और बाजारों में सप्लाई किया जाना था.

 

इस संबंध में फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषी आपूर्तिकर्ताओं और कारोबारियों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट (food Safety and Standards Act) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे और सब इंस्पेक्टर देव आनंद यादव सहित पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई की गई, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या विरोध की स्थिति न बने.

 

Uploaded Image

 

बस स्टैंड व आसपास बढ़ाई गई निगरानी, जनता से अपील

भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने के बाद बरटांड़ बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में प्रशासन ने निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है. फूड सेफ्टी विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें बाजार में किसी भी तरह का संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कदम उठाया जा सके.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही