Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से जुड़ी शिकायतों की जांच कर रही सीआईडी ने सफल अभ्यर्थियों से उनकी OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. एजेंसी का कहना है कि इससे जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी.
सीआईडी के अनुसार, अभ्यर्थी पेपर-1 और पेपर-2 की OMR शीट की कार्बन कॉपी स्कैन कर पीडीएफ के रूप में या स्पष्ट फोटो लेकर व्हाट्सएप अथवा ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं. जिन अभ्यर्थियों के पास कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं है, उनसे अनुरोध किया गया है कि वे इसकी जानकारी कारण सहित सीआईडी को दें.
इसे भी पढ़ें:
जांच एजेंसी ने इस संबंध में एक व्हाट्सएप नंबर और आधिकारिक ईमेल आईडी भी जारी की है, ताकि अभ्यर्थी आसानी से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी साझा कर सकें.
सीआईडी ने स्पष्ट किया है कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कई बिंदुओं पर चल रही है. एजेंसी पहले भी अभ्यर्थियों और आम लोगों से इस मामले से जुड़े दस्तावेज, साक्ष्य और अन्य तथ्य उपलब्ध कराने की अपील कर चुकी है.
इसी जांच के क्रम में JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से लगातार दो दिनों तक पूछताछ की गई. उनसे भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली गई है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी पूछताछ की जा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

