Search

 
 
 

निर्वाचन आयोग की राष्ट्रीय सम्मेलन में राज्य के 15 मीडिया अधिकारी हुए शामिल

भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी सूचनाओं के प्रभावी प्रसार और भ्रामक खबरों पर अंकुश लगाने को लेकर मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया. एक दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क अधिकारियों ने भाग लिया.
 

Ranchi/New Delhi: भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी सूचनाओं के प्रभावी प्रसार और भ्रामक खबरों पर अंकुश लगाने को लेकर मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया. एक दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क अधिकारियों ने भाग लिया. झारखंड की ओर से मीडिया नोडल सह अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया. इसमें राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ 15 जिलों के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भी शामिल रहे.

 


सम्मेलन में उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जिला स्तरीय अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया, जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य जारी है अथवा निकट भविष्य में चुनाव प्रस्तावित हैं. कार्यक्रम में देशभर से 350 से अधिक अधिकारियों ने भागीदारी की.

 


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हाल में संपन्न चुनावों में मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है. उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर, सरल भाषा में और पूरी तथ्यात्मकता के साथ जनता तक पहुंचनी चाहिए, ताकि भ्रम और अफवाहों की कोई गुंजाइश न रहे.

 


चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि सूचना प्रसार का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव सुनिश्चित करना भी होना चाहिए. वहीं चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने निर्वाचन आयोग के नियमों और दिशा-निर्देशों को आमजन तक सहज रूप में पहुंचाने में मीडिया अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.

 


सम्मेलन के दौरान चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया रणनीति, ECINET प्लेटफॉर्म, संवैधानिक प्रावधानों और चुनावी कानूनों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए। अधिकारियों को प्रेस नोट तैयार करने, सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं के प्रसार, फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से निपटने तथा युवा मतदाताओं को जागरूक करने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई.


कार्यक्रम में हाल ही में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और सफल संचार रणनीतियों की जानकारी दी. सम्मेलन का समापन मुख्य चुनाव आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही