Hazaribagh News: जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के पानीमाको जंगल में हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान छोटू किस्कू उर्फ घोरला और रामलाल हांसदा के रूप में हुई है.
बता दें कि 9 सितंबर 2026 की शाम को टाटीझरिया थाना में पंचम महतो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पहाड़पुर से लेबर लाने के दौरान पानीमाको जंगल में हथियार के बल पर उनका और उनके साथी फिटर रामलाल हांसदा का अपहरण कर लिया गया था.
इसे भी पढ़ें:
अपराधियों ने परिजनों से 2 लाख रुपये की मांग की थी. पैसे मिलने के बाद 10 सितंबर की सुबह दोनों को छोड़ दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ विष्णुगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी छोटू किस्कू गिरिडीह के पचंबा का रहने वाला है, जिसका पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है, वहीं दूसरा आरोपी रामलाल हांसदा विष्णुगढ़ का रहने वाला है. पुलिस ने इनके पास से घटना के समय पहना गया टी-शर्ट और लूटे गए पैसों में से 4500 रुपये बरामद किए हैं. पुलिस दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

