Dhanbad News : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की पहल से युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने का काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद स्थित एसीआईसी फाउंडेशन में 26 छात्रों ने कंप्यूटर-एडेड डिजाइन (कैड) और कंप्यूटर-एडेड मैन्युफैक्चरिंग (कैम) का चार महीने का प्रशिक्षण पूरा कर लिया है. एएआई द्वारा अपने सीएसआर फंड से प्रायोजित 1.10 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पहले बैच के सफल छात्रों को दीक्षांत समारोह में प्रमाण पत्र वितरित किए गए.
इसे भी पढ़ें...
कुल 60 छात्रों को किया जाना है प्रशिक्षित
इस कौशल विकास परियोजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर उनके रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को बेहतर बनाना है. पूरी योजना के तहत दो बैचों में कुल 60 छात्रों को प्रशिक्षित किया जाना है, जिसमें से पहले बैच के छात्रों का कोर्स पूरा हो गया है और दूसरे बैच का प्रशिक्षण जल्द ही शुरू किया जाएगा.
ग्रामीण युवाओं तक पहुंच रही तकनीकी शिक्षा
समारोह के मुख्य अतिथि रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) की सीएसआर पहल ग्रामीण और वंचित वर्ग के युवाओं तक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रमों से शहरी और ग्रामीण अंतर को पाटने के साथ युवाओं के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार होंगे.
व्यावहारिक ज्ञान से नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रत्यक्ष अनुभव के महत्व पर प्रकाश डाला. वहीं, एसीआईसी फाउंडेशन की सीईओ डॉ. आकांक्षा सिन्हा ने कहा कि वंचित समुदाय के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर समावेशी नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है. इस मौके पर प्रो. सौम्या सिंह और एएआई के सीनियर मैनेजर अविनाश कुमार शुक्ला उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

