Bokaro News: आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित लोक संवाद कार्यक्रम में चंद्रपुरा प्रखंड की बुजुर्ग महिला जरीना खातून की लंबित वृद्धावस्था पेंशन की समस्या का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है.
इसे भी पढ़ें:
चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत चंदनाबाद निवासी जरीना खातून ने लोक संवाद में अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन पिछले करीब 14 माह से पेंशन की राशि उनके खाते में नहीं आई है. पेंशन की राशि के लिए वह पिछले कई महीनों से प्रखंड कार्यालय एवं बैंक के चक्कर लगा रही थीं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लंबित पेंशन राशि उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा ने बताया कि 24 घंटे के भीतर 14 माह की लंबित पेंशन राशि लाभुक के बैंक खाते में भुगतान कर दी जाएगी.
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा लाभुकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त कुल 46 मामलों की सुनवाई की. उन्होंने प्रत्येक मामले की अद्यतन स्थिति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से लेते हुए नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
लोक संवाद जिला प्रशासन और आमजनों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है. इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं और प्रशासन द्वारा मामलों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

