Gumla News: जिले के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहा. जिले की 62 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया. इस उपलब्धि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उपायुक्त दिलीपेश्वर महतो ने शुभारंभ किया.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 62 पंचायतों का टीबी मुक्त होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है. टीबी जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी के खिलाफ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है. उन्होंने कहा कि अब जिले की शेष पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित कर तेजी से कार्य करने की जरूरत है.
उपायुक्त ने कहा कि टीबी की रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है. लंबे समय तक खांसी, कमजोरी, वजन कम होना तथा खांसी के साथ खून आना जैसे लक्षणों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पंचायत एवं गांव स्तर पर टीबी की जांच, उपचार और बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही जिले के विकास की मजबूत आधारशिला है. टीबी के साथ-साथ एनीमिया समेत अन्य बीमारियों से बचाव के लिए भी जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जाना आवश्यक है.
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के. के. मिश्रा ने कहा कि 62 पंचायतों का टीबी मुक्त होना सामूहिक प्रयास का परिणाम है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आगे जिले की सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, मुखियाओं, सहियाओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रखंड टीबी टास्क टीम, फील्ड अधिकारियों एवं प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धनुर्जय सुंब्रई, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. सुनील राम, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. अनुप किशोर, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के.के. मिश्रा, जिला कार्यक्रम समन्वयक विनय गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

