Search

 
 
 

रामगढ़ में मांडू पहुंचा 35-40 हाथियों का झुंड, फसलों को कर रहे बर्बाद

Ramgarh News: ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड खेतों में लगी फसलों को अपना निशाना बना रहा है. इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने के कारण ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है. लोग रातभर जागकर अपने खेतों और घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं. कई ग्रामीण हाथों में मशाल लेकर हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं.
 
हाथियों का झुंड

Ramgarh News: जिला के मांडू प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर जंगली हाथियों के बड़े झुंड ने दस्तक देकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. करीब 35 से 40 हाथियों का झुंड सारू बेड़ा, साधु बेड़ा, बोंगा हारा, पुंडी और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच चुका है. पिछले दो दिनों से हाथियों का झुंड इन इलाकों में विचरण कर रहा है और खेतों में लगी फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है. हाथियों के इस आतंक से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है.

 

ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड खेतों में लगी फसलों को अपना निशाना बना रहा है. इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने के कारण ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है. लोग रातभर जागकर अपने खेतों और घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं. कई ग्रामीण हाथों में मशाल लेकर हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं.

 

बताया जाता है कि इससे पहले यही 35 से 40 हाथियों का झुंड गोला प्रखंड के मगनपुर, लारी सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्पात मचा रहा था. वहां क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) की टीम ने काफी मशक्कत कर हाथियों को उस क्षेत्र से खदेड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद हाथियों का झुंड मांडू प्रखंड के वन क्षेत्र में प्रवेश कर गया. अब मांडू प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में हाथियों की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

इसे भी पढ़ें - 

 

रातभर हाथियों को खदेड़ने में जुटी वन विभाग की टीम 

इस संबंध में मांडू प्रखंड के वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) बटेश्वर पासवान ने बताया कि 35 से 40 हाथियों का झुंड मांडू प्रखंड में प्रवेश कर चुका है. वन विभाग की टीम पूरी रात जागकर हाथियों को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से बाहर निकालने का प्रयास कर रही है. टीम हाथियों को हजारीबाग अथवा बड़कागांव की दिशा में खदेड़ने का प्रयास कर रही है. साथ ही प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है.

 

 वन विभाग ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील 

रेंजर बटेश्वर पासवान ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के नजदीक जाने या उन्हें खुद से भगाने का प्रयास बिल्कुल न करें. हाथियों के सामने जाने से बचें तथा बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित स्थानों पर रखें. उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और उन्हें सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है.

 

फिलहाल 35 से 40 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से मांडू प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है. किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं, वहीं ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही